अयोध्या: मसौधा चीनी मिल ने गन्ना खरीद की अंतिम तिथि घोषित करते हुए किसानों को 16 मार्च तक अपना गन्ना मिल में बेचने की सलाह दी है। इस तिथि के बाद मिल का पेराई सत्र समाप्त कर दिया जाएगा और गन्ने की खरीद भी पूरी तरह बंद हो जाएगी। किसानों से कहा गया है कि, वे अपने बचे हुए गन्ने को जल्द से जल्द मिल तक पहुंचाकर तौल करवा लें। ‘भास्कर’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव तुलसीराम यादव ने बताया कि, फिलहाल किसानों से खुले में गन्ना खरीदा जा रहा है और यह प्रक्रिया 16 मार्च तक जारी रहेगी। इसके बाद मिल में पेराई कार्य बंद कर दिया जाएगा और गन्ना खरीद भी समाप्त हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि, कई किसानों के खेतों में अभी भी गन्ना खड़ा है, जबकि कुछ किसानों ने कटाई के बाद गन्ना खेतों या घरों पर रखा हुआ है। ऐसे किसानों को सलाह दी गई है कि वे बिना देरी किए 16 मार्च से पहले ही अपना गन्ना मिल तक पहुंचाकर तौल करा लें, ताकि बाद में किसी तरह की समस्या न हो। समिति ने किसानों से यह भी अपील की है कि अंतिम दिनों में भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए समय रहते गन्ना क्रय केंद्र या मिल परिसर पहुंचें। यदि तय तिथि के बाद गन्ना बच जाता है तो उसकी खरीद संभव नहीं होगी, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।गन्ना विभाग के अधिकारियों के अनुसार पेराई सत्र समाप्त होते ही मिल की मशीनरी भी बंद कर दी जाएगी। इसलिए किसानों के लिए यह अंतिम मौका है कि वे अपने बचे हुए गन्ने को बेचकर भुगतान सुनिश्चित कर लें।

















