उत्तर प्रदेश : तौल बंद होने पर किसानों का हंगामा, प्रदर्शन के बाद तौल शुरू

मऊ : घोसी सहकारी चीनी मिल में बने केंद्र पर मंगलवार की सुबह से तौल बंद होने पर किसानों ने जमकर हंगामा किया। नारेबाजी और प्रदर्शन के बाद दोबारा तौल शुरू हुआ। इस बीच कई सारे किसान गन्ना लदी ट्रालियां सठियांव चीनी मिल लेकर गए। घोसी चीनी मिल में पेराई बंद होने के बाद 25 फरवरी से परिसर को तौल केंद्र बनाकर गन्ना खरीद की जा रही है।

अमर उजाला में प्रकाशित खबर के मुताबिक, गन्ना परिवहन का जिम्मा संभाल रहे ठेकेदार राजीव राय ने बताया कि 25 फरवरी से लगातार गन्ना ढुलाई सठियांव चीनी मिल की जा रही है। ढुलाई का करीब 5.60 लाख रुपये बकाया हो गया है, जिससे दिक्कतें बढ़ गई हैं। चीनी मिल बंद होने के बाद मौखिक आदेश पर ही ढुलाई शुरू कर दी गई थी, अब तक वर्क ऑर्डर भी जारी नहीं हुआ है। तौल के बाद दूसरे वाहन पर लोडिंग के लिए 200 रुपये लिए जा रहे हैं। पर्चियों पर गन्ने का रेट भी दर्ज नहीं है।

चीनी मिल घोसी के जीएम पवन कुमार ने कहा की, किसानों से बातचीत कर समस्या सुनी गई है। चीनी मिल की ओर से कोई समस्या नहीं है। ट्रांसपोर्टर के मजदूरों की लोडिंग को लेकर कुछ दिक्कतें थीं, जिन्हें दूर कर दी गई है। 25 फरवरी से 370 किसानों से करीब 20 हजार क्विंटल गन्ना खरीद कर सठियांव चीनी मिल भेजा जा चुका है।किसानों से 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद जारी है। चूंकि यह तौल केंद्र है, इसलिए पर्चियों पर रेट प्रिंट नहीं हो रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here