कानपुर : अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, एसजीएसटी विभाग के एसआईबी की ओर से कल्याणपुर स्थित स्वीट्स दुकान पर छापे में 10 करोड़ की कर चोरी पकड़ी गई है। यहां चीनी की बहुत बड़े स्तर पर खरीद दिखाई जा रही थी जबकि मिठाई नहीं बन रही थी। डाटा एनालिसिस के जरिये कर चोरी का खुलासा किया गया है। उपायुक्त विनय कुमार गौतम के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम ने बुधवार को छापा मारा था। जांच के दौरान व्यापारी के स्टॉक से संबंधित लेखाबही अधूरी मिली। फरवरी 2026 और नवंबर 2025 की दैनिक कर चालान सारांश, बिक्री पुस्तिका, नकद, उधार पुस्तिका और बिल पुस्तिका जब्त की गईं। जब्त नकद और उधार पुस्तिका की जांच में पता चला कि फर्म अपनी पारिवारिक फर्म बब्बू ढाबा को बिना कर चालान के खाद्य सामग्री की आपूर्ति करती थी जिस पर कोई कर नहीं चुकाया जा रहा था।
खबर के अनुसार, विभिन्न प्रकार की मिठाई, चाट, समोसा और लस्सी का निर्माण व बिक्री करती है। यह नमकीन और चॉकलेट आदि खाद्य वस्तुओं का कारोबार भी करती है। विभाग के डाटा विश्लेषण से पता चला था कि फर्म ने वित्त वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में नकद करदेयता बहुत कम स्वीकार की थी। गोपनीय सूचना मिली थी कि फर्म बेची गई सभी वस्तुओं के लिए ग्राहकों को बिल नहीं देती थी। जांच में यह भी पाया गया कि विभिन्न वित्त वर्षों में मिठाई निर्माण के लिए खरीदी गई कुल चीनी के सापेक्ष कारोबार सही नहीं दर्शाया गया था। बिक्री को कम दिखाकर कर चोरी की गई। इसके अतिरिक्त मिठाई बनाने में उपयोग की गई चीनी की खरीद और दर्शाए गए कारोबार में भी गड़बड़ी मिली है। अपर आयुक्त ग्रेड दो, एसआईबी कुमार आनंद ने बताया कि विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध डाटा एनालिसिस के बाद कर चोरी का आकलन किया गया। इसके बाद विभाग के अफसरों ने प्रतिष्ठान की रेकी कर छापा मारा। 10 करोड़ की कर चोरी मिली है।आगे की जांच की जा रही है।


















