कुशीनगर : बसंतकालीन गन्ना बुवाई के लिए कुशीनगर के गन्ना प्रजनन एवं शोध संस्थान, सेवरही से 8 जिलों को 3241 क्विंटल अभिजनक (ब्रीडर सीड) बीज गन्ना आवंटित किया गया। यह आवंटन गन्ना आयुक्त कार्यालय, लखनऊ से अपर गन्ना आयुक्त (विकास एवं शोध समन्वय) द्वारा किया गया है। किसानों को अपने गन्ना पर्यवेक्षक से मिलकर यह बीज गन्ना प्राप्त करने की सलाह दी गई है। भास्कर में प्रकाशित खबर के मुताबिक, गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र, पिपराईच, गोरखपुर के पूर्व सहायक निदेशक ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि शीघ्र पकने वाली चार प्रजातियाँ (को. शा. 17231, 13235, को. लख- 14201, यू.पी. 05125) और मध्य देर से पकने वाली दो प्रजातियाँ (को. शा. 9232 व 10239) आवंटित की गई हैं।
आवंटित जिलों में देवरिया को 200 क्विंटल, बलिया को 20 क्विंटल, कुशीनगर को 640 क्विंटल, मऊ को 150 क्विंटल, आजमगढ़ को 630 क्विंटल, गोरखपुर को 420 क्विंटल, बस्ती को 781 क्विंटल और महाराजगंज को 400 क्विंटल बीज गन्ना मिला है। लक्ष्मीपुर, कुशीनगर स्थित गन्ना शोध संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. के.पी. सिंह के अनुसार, इस केंद्र से 2361 क्विंटल बीज का आवंटन हुआ है। सेवरही गन्ना शोध संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. सुभाष सिंह ने बताया कि 32 लाख आँख गन्ना का अलग से आवंटन हुआ है, जो किसानों को 1.40 रुपये प्रति आँख की दर से उपलब्ध कराया जाएगा।उप गन्ना आयुक्त, देवरिया, ए.पी. सिंह ने संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत उठान समय पर सुनिश्चित कराने के निर्देश जारी किए हैं।
















