हरिद्वार : किसानों ने दस गांवों में उत्तम शुगर मिल के तौल केंद्र खोलने की मांग के लिए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले सहायक गन्ना आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने कहा कि किसानों की मांग पर तौल केंद्र खोले जाएं, वरना किसान सहायक गन्ना आयुक्त कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। तीन गांवों में तौल केंद्र खोलने पर सहमति बनने पर आंदोलन वापस लिया गया।
अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, भाकियू के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने कहा कि वर्तमान में लक्सर क्षेत्र के गांवों को जो लक्सर मिल आवंटित है, वहां उन्हें तौल और भुगतान की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए लालचंद वाला, धर्मपुर, रामपुर रायघटी, रानी माजरा, कलसिया, बालावाली, भोगपर, बाकरपुर, रायसी व भिक्कनपुर गांव में उत्तम शुगर मिल लिब्बरहेड़ी के तौल केंद्र खोले जाएं। भाकियू के गढ़वाल मंडलाध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि गन्ना विभाग को तुरंत इन 10 गांवों का सर्वे कराकर उन्हें उत्तम शुगर मिल से जोड़ना चाहिए। सहायक गन्ना आयुक्त कपिल मोहन की ओर से तीन गांवों में उत्तम शुगर मिल में लगाए जाने का प्रस्ताव गन्ना आयुक्त भेजने का आश्वासन दिया।

















