व्यापार और निवेश पर तीसरी भारत-यूरोपीय संघ उच्च स्तरीय वार्ता का आयोजन

तीसरी भारत-यूरोपीय संघ उच्च स्तरीय वार्ता (एचएलडी) 26 अगस्त, 2023 को आयोजित हुई। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण तथा वस्त्र मंत्री श्री पीयूष गोयल और यूरोपीय आयोग में लोगों के लिए काम करने वाली अर्थव्यवस्था के कार्यकारी उपाध्यक्ष और व्यापार आयुक्त श्री वाल्डिस डोंब्रोवस्की ने की।

भारत-यूरोपीय संघ उच्च स्तरीय वार्ता का आयोजन जुलाई 2020 में हुए 15वें भारत-यूरोपीय संघ नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान लिए गए निर्णय के परिणामस्वरूप किया गया है, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों के लिए मंत्री स्तरीय गतिविधियों का मार्गदर्शन करना है।

उच्च स्तरीय वार्ता में हुई चर्चा के दौरान मंत्रियों ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच चल रही तीन वार्ताओं की प्रगति का जायजा लिया। इनमें भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता; एक एकल निवेश संरक्षण समझौता; और एक ज्योग्राफिकल इंडिकेशन समझौता शामिल हैं। दोनों देशों के मंत्रियों ने यह माना कि दोनों पक्षों ने चल रही इन तीनों वार्ताओं में अच्छी प्रगति की है।

इन मंत्रियों ने दोनों पक्षों के बाजार पहुंच के मुद्दे पर व्यापक रूप से चर्चा की और भारत-यूरोपीय संघ व्यापार तथा प्रौद्योगिकी परिषद के तहत अब तक हुई तरक्की की समीक्षा की। इस बैठक के दौरान आगामी एमसी-13 के मुद्दों पर भी संक्षिप्त चर्चा की गई।

श्री पीयूष गोयल ने यूरोपीय संघ के ईवीपी श्री वाल्डिस डोंब्रोवस्की को उनकी यात्रा और हाल ही में 24-25 अगस्त, 2023 को जयपुर में आयोजित जी 20 व्यापार एवं निवेश मंत्रियों की बैठक के लिए अपना सहयोग देने के लिए उनका धन्यवाद दिया ।

यह बैठक दोनों मंत्रियों द्वारा चल रही तीन वार्ताओं पर विश्वास व्यक्त करने और भारत-यूरोपीय संघ वाणिज्यिक व आर्थिक साझेदारी को अधिक विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध होने के साथ संपन्न हुई।

(Source: PIB)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here