बिजनौर: चांगीपुर स्थित बिंदल शुगर मिल में आयकर (IT), प्रवर्तन निदेशालय (ED) और वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। आधा दर्जन से अधिक वाहनों में पहुंचे दर्जनों अधिकारियों की मौजूदगी से मिल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, कार्रवाई शुरू होते ही अधिकारियों ने आईटी और अकाउंट विभाग के कर्मचारियों समेत कई स्टाफ के मोबाइल फोन जब्त कर लिए। गाजियाबाद से आई टीम वित्तीय दस्तावेजों और खातों की गहन जांच में जुटी हुई है।छापे के दौरान मिल के कुछ अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, वहीं कुछ के फोन बंद बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम बिंदल समूह की अन्य इकाइयों, आवासों और क्वार्टरों तक भी जांच का दायरा बढ़ा रही है। बिंदल पेपर्स समूह के साथ-साथ चांगीपुर की शुगर, पेपर और डिस्टिलरी यूनिट्स में टैक्स और जीएसटी से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारियों की मौजूदगी के चलते स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात है। फिलहाल, खबर प्रकाशित करते समय तक बिंदल शुगर मिल प्रबंधन की ओर से इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


















