उत्तर प्रदेश: चीनी मिलों को एथेनॉल से आगे बढ़कर गन्ने से नए उत्पाद बनाने की सलाह, बढ़ेगा राजस्व

कानपुर: चीनी मिलों को लंबे समय तक लाभकारी बनाए रखने के लिए केवल चीनी और एथेनॉल के उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गन्ने और कृषि अपशिष्ट से अधिक मूल्य वाले नए उत्पाद विकसित करने की दिशा में भी काम करना चाहिए। यह बात कानपुर स्थित राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (NSI) के पूर्व निदेशक प्रोफेसर नरेंद्र मोहन ने कही। जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने चीनी उद्योग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित चर्चा के दौरान यह विचार व्यक्त किए।

प्रोफेसर मोहन ने कहा कि, घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। हालांकि, गन्ने की उपलब्धता और चीनी उत्पादन की परिस्थितियों में उतार-चढ़ाव के साथ-साथ एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के रस, सिरप और बी-हैवी शीरे के इस्तेमाल पर लगाए जाने वाले प्रतिबंधों से डिस्टिलरी की उत्पादन क्षमता के उपयोग और कमाई पर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि, ऐसी स्थिति में चीनी उद्योग को पारंपरिक उत्पादों के अलावा अन्य विकल्पों की तलाश करनी चाहिए, ताकि किसी एक उत्पाद या सरकारी नीति पर निर्भरता कम की जा सके।

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ने से बन सकते हैं कई नए और मूल्यवान उत्पाद

प्रोफेसर मोहन ने कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), बायोप्लास्टिक, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) और आइसोब्यूटेनॉल जैसे उत्पादों की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि, इन उत्पादों के विकास से चीनी मिलों और डिस्टिलरी के लिए कमाई के नए रास्ते खुल सकते है।साथ ही, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल भी संभव होगा।

कृषि अपशिष्ट से आय बढ़ाने पर जोर

प्रोफेसर मोहन ने कहा कि, उद्योग को अपशिष्ट पदार्थों को बेकार समझने के बजाय उनसे उपयोगी उत्पाद तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए। गन्ने और कृषि अपशिष्ट से नए उत्पाद विकसित करने से चीनी मिलों को अपने कारोबार में विविधता लाने, संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग करने और आय के अतिरिक्त स्रोत तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने जोर दिया कि, बदलती परिस्थितियों में चीनी उद्योग को अपनी दीर्घकालिक लाभप्रदता बनाए रखने के लिए पारंपरिक चीनी और एथेनॉल उत्पादन के साथ-साथ नए उत्पादों और तकनीकों को भी अपनाना होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here