रुड़की: इकबालपुर शुगर मिल के कृषि फार्म में मंगलवार दोपहर आग लगने से खड़ी गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी क्षेत्र में गन्ना जल चुका था।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र में झबरेड़ा मार्ग पर स्थित मिल के कृषि फार्म में इस समय तैयार गन्ने की फसल खड़ी थी। मिल इस सत्र में चालू नहीं होने के कारण फसल की कटाई नहीं हो सकी थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में आग लग गई, जो देखते ही देखते गन्ने के खेतों में फैल गई। आग की लपटें और धुआं झबरेड़ा और मंगलौर रोड तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इकबालपुर पुलिस चौकी प्रभारी योगेश कुमार ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि मामले की, जानकारी मिल प्रबंधन को दे दी गई है। आग से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन गन्ने की फसल को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


















