सुवा : चीनी उद्योग को मजबूत बनाए रखने और युवा पीढ़ी को खेती की ओर आकर्षित करने के लिए प्रणाली और मूल्य निर्धारण में सुधार आवश्यक है। वुनिमोली के किसान डेविड चूटे का मानना है कि, यदि सही बदलाव किए जाएं तो इस क्षेत्र में नई पीढ़ी की रुचि फिर से बढ़ाई जा सकती है। परिवारिक खेती से युवाओं के दूर जाने की चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए चूटे ने कहा कि, अब उद्योग की निरंतरता के लिए बेहतर योजना और प्रतिबद्धता बेहद जरूरी हो गई है।फिजी शुगर कॉर्पोरेशन की भुगतान प्रणाली में तत्काल सुधार या आधुनिकीकरण की आवश्यकता है, ताकि यह वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप बन सके।
उन्होंने कहा, यह प्रणाली काफी पुरानी है और आज भी उसी तरह लागू है। लाबासा मिल में तीन तराजू होने के बावजूद पेराई सत्र के दौरान केवल एक का उपयोग होता है। ट्रक चालकों से कई शिकायतें आती हैं, इसलिए मिल की कार्यप्रणाली में बदलाव कर कामकाज को बेहतर बनाना जरूरी है। एफबीसी न्यूज़ को चूटे ने यह भी बताया कि, गन्ना उन कुछ फसलों में से है, जिनमें किसानों को भुगतान में देरी का सामना करना पड़ता है और कई बार पूरी राशि एक साल बाद मिलती है, जबकि अन्य फसलों से तुरंत आय प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि, सरकार की पहल से उत्पादन में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन उद्योग को मजबूत करने और किसानों को इस क्षेत्र में बनाए रखने के लिए और अधिक प्रयास जरूरी हैं। दूसरी ओर, किसान सतीश कुमार का कहना है कि, सहकारी मॉडल अपनाने से कार्यक्षमता में सुधार हो रहा है, खासकर श्रम साझा करने और मशीनों के उपयोग से कटाई प्रक्रिया आसान हो गई है। उन्होंने बताया कि, हार्वेस्टर और ट्रकों जैसे संसाधनों की साझा उपलब्धता तथा सरकारी और सामुदायिक सहयोग से वुनिमोली और कोरोतारी क्षेत्रों में गन्ना कटाई किसानों के लिए अधिक सुगम हो गई है। इस बीच, मकुआटा क्षेत्र के गन्ना किसान अगले महीने शुरू होने वाले कटाई सत्र की तैयारियों में जुट गए हैं और बेहतर मौसम व अधिक उत्पादन की उम्मीद कर रहे हैं।

















