चीन : धान-मछली सह-पालन खेती पद्धति से बढ़ा उत्पादन, अध्ययन में खुलासा

शंघाई : पूर्वी चीन विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने 18 देशों के वैज्ञानिकों के सहयोग से किए गए अध्ययन में प्राचीन धान-मछली सह-पालन खेती पद्धति के महत्वपूर्ण लाभों की पुष्टि की है। शोध के अनुसार यह पारंपरिक प्रणाली पर्यावरण-अनुकूल कृषि और खाद्य सुरक्षा के लिए एक प्रभावी वैज्ञानिक समाधान साबित हो सकती है। अध्ययन में पाया गया कि, धान और मछली की संयुक्त खेती न केवल धान की उपज बढ़ाती है, बल्कि प्राकृतिक तरीके से कीट और रोग नियंत्रण में भी मदद करती है। वैश्विक आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार, पारंपरिक एकल धान खेती की तुलना में धान-मछली सह-पालन प्रणाली में धान उत्पादन औसतन 12.5 प्रतिशत अधिक रहा।

शोध में यह भी सामने आया कि, खेतों में मछलियों की मौजूदगी से लाभकारी शिकारी और परजीवी जीवों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई। वहीं कीटों में 24.1 प्रतिशत, रोगों में 38.8 प्रतिशत और खरपतवार में 45.7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। शोध दल के प्रमुख वैज्ञानिक और विश्वविद्यालय के फार्मेसी स्कूल के प्रोफेसर वान निआनफ़ेंग ने कहा कि, यह शोध खाद्य सुरक्षा, कीटनाशकों के कम उपयोग, कृषि प्रदूषण नियंत्रण और जैव विविधता संरक्षण जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर अपनाया जा सकने वाला समाधान प्रदान करता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

यह शोध ब्रिटेन, फ्रांस, अमेरिका, स्विट्जरलैंड और स्पेन सहित कई देशों के वैज्ञानिकों के सहयोग से किया गया। शोध पत्र सोमवार को Current Biology में कवर स्टोरी के रूप में प्रकाशित हुआ। धान की खेती के साथ मछली पालन करने की यह परंपरा लगभग 2,000 वर्ष पुरानी मानी जाती है, जिसकी शुरुआत हान राजवंश के समय से जुड़ी हुई है।पुरातात्विक प्रमाण भी इस पद्धति के ऐतिहासिक उपयोग की पुष्टि करते हैं।

शोधकर्ताओं ने बताया कि, इस प्रणाली में मछलियां सीधे हानिकारक कीटों को नियंत्रित करती हैं और लाभकारी प्राकृतिक शत्रुओं की संख्या बढ़ाकर अप्रत्यक्ष रूप से उत्पादन में वृद्धि करती हैं। यह प्रभाव जैविक और गैर-जैविक दोनों प्रकार की खेती तथा समशीतोष्ण और उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में भी प्रभावी पाया गया। चार वर्षों तक किए गए खेत-स्तरीय प्रयोगों में यह पाया गया कि धान-मछली सह-पालन क्षेत्रों में कीटों की संख्या काफी कम थी, जबकि शिकारी मकड़ियों की संख्या अधिक थी। इसके साथ ही धान के हजार दानों का वजन और कुल उत्पादन भी बेहतर रहा।

अध्ययन में यह भी पाया गया कि, क्रूशियन कार्प और रेड कार्प जैसी मछलियां ब्राउन प्लांटहॉपर जैसे कीटों को खाना पसंद करती हैं, लेकिन वे लाभकारी शिकारी मकड़ियों को नुकसान नहीं पहुंचातीं। वान निआनफ़ेंग ने कहा कि, मछलियां धान के खेतों में “सटीक नियंत्रक” की भूमिका निभाती हैं। वे सीधे कीटों को कम करती हैं और प्राकृतिक कीट नियंत्रण तंत्र को मजबूत बनाकर प्रभावी जैविक नियंत्रण प्रणाली विकसित करती हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here