नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष अगर लंबे समय तक बना रहता है, तो भारतीय रुपये पर दबाव और बढ़ सकता है। आईसीआईसीआई बैंक की एक रिसर्च रिपोर्ट में कहा गया है कि, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें भारत की अर्थव्यवस्था और बाहरी वित्तीय संतुलन पर असर डाल सकती हैं, जिससे रुपये में और कमजोरी आने की आशंका है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान और अमेरिका के बीच अस्थायी संघर्षविराम से फिलहाल मुद्रा बाजार में कुछ स्थिरता आई है, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान अभी भी अनिश्चित बना हुआ है।
आईसीआईसीआई बैंक ने कहा, जब तक इस संघर्ष का स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक वैश्विक स्तर पर सुरक्षित निवेश की मांग अमेरिकी डॉलर को मजबूत बनाए रखेगी। रिपोर्ट में बताया गया कि, भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि देश के लिए बड़ी चिंता का विषय है। तेल महंगा होने से आयात खर्च बढ़ता है, व्यापार घाटा बढ़ता है और रुपये पर दबाव पड़ता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, निकट भविष्य में डॉलर के मुकाबले रुपया 93.50 से 95.50 के दायरे में कारोबार कर सकता है। हालांकि, यदि भू-राजनीतिक तनाव और बढ़ता है, तो रुपये में और कमजोरी आ सकती है। रिपोर्ट में कहा गया कि, होर्मुज जलडमरूमध्य में रुकावटों के कारण ऊर्जा कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। इससे अमेरिकी डॉलर वैश्विक स्तर पर मजबूत हुआ है, जबकि भारत जैसे तेल आयातक देशों की मुद्राएं कमजोर हुई हैं। आईसीआईसीआई बैंक ने कहा कि इस संघर्ष के कारण भारत की आर्थिक वृद्धि, महंगाई और बाहरी क्षेत्र पर जोखिम बने हुए हैं, जिससे स्थानीय मुद्रा लगातार दबाव में है।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने विदेशी मुद्रा बाजार में सट्टेबाजी कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें बैंकों की नेट ओपन पोजिशन सीमित करना और कुछ फॉरवर्ड कॉन्ट्रैक्ट गतिविधियों पर रोक शामिल है। रिपोर्ट के अनुसार, इन उपायों से रुपये को रिकॉर्ड निचले स्तर से कुछ राहत मिली थी।हालांकि, रिपोर्ट में चेतावनी दी गई कि लगातार बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण इन उपायों का असर धीरे-धीरे कम होता जा रहा है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि, यदि युद्ध लंबा खिंचता है और तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहती हैं, तो भारत की जीडीपी वृद्धि दर पर नकारात्मक असर पड़ सकता है और महंगाई बढ़ सकती है। बाहरी क्षेत्र को लेकर रिपोर्ट में कहा गया कि तेल आयात बिल बढ़ने और खाड़ी देशों को निर्यात कमजोर होने से भारत का चालू खाता घाटा (Current Account Deficit) और बढ़ सकता है।
आईसीआईसीआई बैंक के अनुमान के अनुसार, वैश्विक तेल कीमतों में हर 10 डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी से भारत का चालू खाता घाटा लगभग 12 अरब डॉलर या जीडीपी के 0.3% तक बढ़ सकता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि विदेशी निवेशकों की निकासी लगातार बढ़ी हुई है, जिससे भारत के भुगतान संतुलन और रुपये पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
आईसीआईसीआई बैंक ने कहा, हमें लगता है कि भुगतान संतुलन की स्थिति लगातार तीसरे साल कमजोर बनी रह सकती है, जिससे घरेलू मुद्रा पर दबाव जारी रहेगा। ”रिपोर्ट दाखिल किए जाने के समय रुपया डॉलर के मुकाबले 95.8 के स्तर पर था, जो अब तक का सबसे कमजोर स्तर माना जा रहा है।


















