नई दिल्ली: कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, समुद्री माल ढुलाई मार्गों में व्यवधान और अल नीनो के कारण कृषि क्षेत्र पर पड़ने वाले संभावित प्रतिकूल प्रभावों से भारत में महंगाई पर दबाव बने रहने की आशंका है। हालांकि, सरकार को उम्मीद है कि आपूर्ति बढ़ाने के लिए किए जा रहे उपायों से खाद्य पदार्थों की कीमतों में राहत मिलेगी। वित्त मंत्रालय की अक्टूबर 2026 की मासिक आर्थिक समीक्षा में यह बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) की दूसरी छमाही में आर्थिक विकास की गति बनाए रखने के साथ महंगाई पर नियंत्रण रखना नीति-निर्माताओं की प्रमुख प्राथमिकता होगी। वैश्विक ऊर्जा कीमतों और घरेलू कृषि उत्पादन को लेकर बनी अनिश्चितता इस चुनौती को और बढ़ा रही है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि, निकट भविष्य में महंगाई की दिशा घरेलू खाद्य आपूर्ति के प्रबंधन, वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव और अर्थव्यवस्था में नकदी की उपलब्धता जैसे कारकों से प्रभावित होगी। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों से आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर दबाव कम होने की उम्मीद है। इनमें ‘कांदा एक्सप्रेस’ के माध्यम से खरीफ प्याज की आपूर्ति, चीनी कारोबारियों के लिए स्टॉक रखने की सीमा और कच्चे खाद्य तेलों पर मूल सीमा शुल्क (बीसीडी) में कटौती शामिल है।
हालांकि, रिपोर्ट ने चेतावनी दी है कि, अल नीनो की स्थिति अधिक गंभीर होने पर आगामी रबी बुवाई के मौसम में मिट्टी की नमी प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने से भी महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है।रिपोर्ट के अनुसार, बाहरी मोर्चे पर कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और पश्चिम एशिया के पारगमन मार्गों पर समुद्री माल ढुलाई में व्यवधान उत्पादन लागत बढ़ने का जोखिम पैदा कर रहे हैं।
सितंबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 5.54 प्रतिशत
देश में महंगाई का दबाव बढ़ने के बीच उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा महंगाई दर अगस्त 2026 के 4.83 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर में 5.54 प्रतिशत हो गई। इसमें 0.71 प्रतिशत अंक यानी 71 आधार अंकों की वृद्धि दर्ज की गई। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेजी के कारण खाद्य महंगाई दर बढ़कर 7.74 प्रतिशत पर पहुंच गई। प्याज, चीनी, खाद्य तेल और चावल जैसी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने इसमें प्रमुख भूमिका निभाई। वहीं, खाद्य और ईंधन जैसी अस्थिर श्रेणियों को छोड़कर आंकी जाने वाली मूल महंगाई दर अगस्त के 4.16 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर में 4.33 प्रतिशत हो गई।
वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में खुदरा महंगाई औसतन 4.94 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 1.7 प्रतिशत थी। यह आंकड़ा भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 4.9 प्रतिशत के अनुमान के लगभग अनुरूप रहा। इसके बावजूद, रिपोर्ट में कहा गया कि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक की टोकरी में शामिल लगभग 64 प्रतिशत वस्तुओं की महंगाई दर आरबीआई के 4 प्रतिशत के लक्ष्य से नीचे बनी हुई थी।
थोक महंगाई में भी तेज उछाल
थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) आधारित महंगाई दर में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। यह अगस्त के 9.92 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर 2026 में 11.39 प्रतिशत हो गई। इस बढ़ोतरी के पीछे मुख्य रूप से ईंधन और बिजली की कीमतों में तेजी रही। ईंधन एवं बिजली श्रेणी की महंगाई दर अगस्त के 22.93 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर में 25.85 प्रतिशत पर पहुंच गई। यह वैश्विक ऊर्जा बाजार में लागत संबंधी दबाव बढ़ने का संकेत है।
आरबीआई के कदमों से महंगाई पर नियंत्रण की उम्मीद
इस स्थिति के बीच वित्त मंत्रालय ने कहा कि, भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को सीधे डॉलर की तरलता उपलब्ध कराने और मुद्रा बाजार में सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए उठाए गए हालिया कदमों से विनिमय दर में अत्यधिक उतार-चढ़ाव सीमित करने में मदद मिल सकती है। इससे आयात के माध्यम से देश में आने वाली महंगाई के दबाव को भी कम किया जा सकता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि, महंगाई के दूसरे दौर के प्रभावों को नियंत्रित करने के लिए हाल में की गई ब्याज दर वृद्धि कितनी प्रभावी होगी, यह केंद्रीय बैंक के सक्रिय नकदी प्रबंधन पर निर्भर करेगा।
आर्थिक बुनियाद मजबूत, लेकिन वैश्विक चुनौतियां बरकरार
लगातार महंगाई के दबाव के बावजूद वित्त मंत्रालय ने भरोसा जताया कि भारत की आर्थिक बुनियाद मजबूत बनी हुई है। औद्योगिक गतिविधियों, घरेलू मांग, ऋण वृद्धि और निवेश से अर्थव्यवस्था को समर्थन मिल रहा है। हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव, ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक वित्तीय परिस्थितियों के सख्त होने को आर्थिक विकास के लिए प्रमुख चुनौतियां बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, इन चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था के वित्त वर्ष 2026-27 की शेष अवधि में अपनी विकास गति बनाए रखने की संभावनाएं मजबूत हैं। वित्त मंत्रालय ने वैश्विक आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी अनिश्चितताओं के बीच व्यापक आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए लगातार सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया है।


















