केप टाउन : दक्षिण अफ्रीका में 2026/27 का गन्ना पेराई सीजन मजबूत शुरुआत के साथ आगे बढ़ रहा है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष गन्ने की आपूर्ति पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रही है। दक्षिण अफ्रीकी केनग्रोवर्स एसोसिएशन के मुताबिक, यह देश के 28 हजार गन्ना किसानों की मजबूती और संघर्ष को दर्शाता है, हालांकि उद्योग के भविष्य को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है। सीजन के शुरुआती आंकड़ों से पता चला है कि, पिछले साल की समान अवधि की तुलना में मिलों तक 48 प्रतिशत अधिक कच्चा गन्ना पहुंचाया गया है। टोंगाट की मिलें, जो करीब 18 हजार गन्ना किसानों को सेवाएं देती हैं, आने वाले हफ्तों में शुरू होने की उम्मीद है और जल्द ही गन्ना खरीदना शुरू करेंगी।
हाल ही में टोंगाट हुलेट को इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (आईडीसी) से 200 मिलियन रैंड की अतिरिक्त अस्थायी परिचालन फंडिंग मिली है, जबकि कंपनी को दिवालिया होने से बचाने के लिए बातचीत जारी है। कंपनी के परिसमापन से जुड़ी याचिका पर 17 जून को फिर सुनवाई होगी। इस बीच बिजनेस रेस्क्यू प्रैक्टिशनर्स, संभावित खरीदार विजन कंसोर्टियम और आईडीसी के बीच बातचीत जारी है। एसए केनग्रोवर्स के अध्यक्ष हिगिंस म्डलुली ने कहा कि, टोंगाट हुलेट मिलों को गन्ना आपूर्ति करनेवाले किसानों को उम्मीद है कि तमाम अनिश्चितताओं के बावजूद उनका यह सीजन सफल रहेगा। उन्होंने कहा कि, बेहद कठिन परिस्थितियों में भी उद्योग ने शानदार मजबूती दिखाई है।
आयातित चीनी से बढ़ी चिंता…
ग्लेडहाउ शुगर मिल की वापसी ने उद्योग को राहत जरूर दी है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका में ब्राजील, थाईलैंड और भारत जैसे देशों से बड़ी मात्रा में आयातित चीनी स्थानीय बाजार में पहुंच रही है।इससे घरेलू बाजार में स्थानीय चीनी उत्पादकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। म्डलुली के अनुसार, हर एक टन आयातित चीनी पर उद्योग को 7,500 रैंड से अधिक का नुकसान होता है।मार्च इस वर्ष दक्षिण अफ्रीका में 16 हजार टन आयातित चीनी पहुंची, जो पिछले साल मार्च के मुकाबले दोगुनी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि स्थिति नहीं बदली तो इस साल भी यही रुझान जारी रहेगा, जिससे गन्ना किसानों और मिल कंपनियों पर भारी दबाव पड़ेगा। एसोसिएशन ने मौजूदा चीनी टैरिफ व्यवस्था में जल्द बदलाव की मांग की है। उनका मानना है कि वर्तमान व्यवस्था स्थानीय उद्योग को वैश्विक सब्सिडी प्राप्त प्रतिस्पर्धियों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं दे पा रही है।फिलहाल दक्षिण अफ्रीका का इंटरनेशनल ट्रेड एडमिनिस्ट्रेशन कमीशन आयातित चीनी पर टैरिफ व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है।


















