हैदराबाद : भीषण गर्मी से जूझ रहे हैदराबाद में इस बार महाराष्ट्र और केरल का गन्ना लोगों को राहत पहुंचा रहा है। जुड़वां शहरों में सैकड़ों गन्ने के जूस स्टॉलों पर महाराष्ट्र और केरल से आने वाली गन्ने की किस्मों की मांग तेजी से बढ़ी है। अधिक मिठास, मुलायम रेशा और ज्यादा रस निकलने की क्षमता के कारण ग्राहक बड़ी संख्या में इन स्टॉलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। गन्ने के जूस के कारोबार में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पारंपरिक लोहे के रोलर वाले क्रशर और कई बार रस निकालने की मेहनत वाली प्रक्रिया की जगह अब स्टेनलेस स्टील की आधुनिक मशीनें ले रही हैं। इन मशीनों में इंस्टेंट चिलिंग तकनीक लगी होती है, जिससे तेजी से सेवा, बेहतर स्वच्छता और एक ही बार में अधिक रस निकाला जा रहा है।
‘द हिंदू’ में प्रकाशित खबे के अनुसार, मेहदीपट्टनम बस स्टेशन के पास जूस बेचने वाले रिजवान बताते हैं कि लोकप्रिय ‘नंबर 62’ गन्ने की कीमत पिछले साल की तुलना में बढ़ गई है। पिछले वर्ष जहां एक क्विंटल गन्ना 1300 रुपये में मिलता था, वहीं इस बार उन्हें 1500 रुपये प्रति क्विंटल चुकाने पड़ रहे हैं। उनका कहना है कि काली मिट्टी में उगाया गया गन्ना ज्यादा मीठा होता है और जूस के लिए सबसे बेहतर माना जाता है। बढ़ती लागत के बावजूद गर्मी के कारण मांग लगातार बनी हुई है।
नेकलेस रोड पर जूस बेचने वाले अब्दुल्ला केरल से गन्ना मंगवाते हैं और बिजली से चलने वाली आधुनिक मशीनों का उपयोग करते हैं। इन मशीनों में फ्रीजिंग और चिलिंग सिस्टम पहले से लगा होता है। उनका कहना है कि इससे बाहर से बर्फ डालने की जरूरत नहीं पड़ती और बिना रेशे वाला साफ जूस मिलता है। गुडीमलकापुर स्थित एमएम शुगरकेन सप्लायर के मालिक राजी के अनुसार, तेलंगाना में ‘नंबर 8014’ जैसी गन्ने की किस्में पैदा होती हैं, जिनमें सुक्रोज की मात्रा अधिक होती है और उनका उपयोग मुख्य रूप से चीनी कारखानों में किया जाता है। वहीं जूस विक्रेता मुख्य रूप से ‘नंबर 62’ किस्म पर निर्भर रहते हैं।


















