ब्रासीलिया: ब्राजील की एग्रीबिजनेस कंपनी ट्रेस टेंटोस एग्रोइंडस्ट्रियल (3tentos) को अपने नए कॉर्न एथेनॉल प्लांट में उत्पादन शुरू करने के लिए सरकार से मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने 20 मई को घोषणा की कि, उसे ब्राजील की नेशनल एजेंसी ऑफ पेट्रोलियम, नेचुरल गैस एंड बायोफ्यूल्स (ANP) से संचालन की अनुमति प्राप्त हो गई है। यह नया कॉर्न एथेनॉल प्लांट ब्राजील के माटो ग्रोसो राज्य के पोर्टो एलेग्रे दो नोर्ते में स्थित है। कंपनी की ओर से जारी पहली तिमाही रिपोर्ट के अनुसार इस प्लांट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह 3टेंटोस द्वारा विकसित पहला एथेनॉल प्लांट है।
एएनपी अधिकारियों ने 6 और 7 मई को प्लांट का निरीक्षण किया था। इसके बाद 19 मई को संयंत्र को संचालन शुरू करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी गई। एएनपी के मुताबिक यह प्लांट प्रतिदिन 1,275 घन मीटर हाइड्रस एथेनॉल और 1,215 घन मीटर एनहाइड्रस एथेनॉल उत्पादन करने में सक्षम है। सालाना आधार पर इसकी उत्पादन क्षमता लगभग 240 मिलियन गैलन आंकी गई है। ब्राजील में पारंपरिक रूप से एथेनॉल का उत्पादन गन्ने से किया जाता रहा है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादन तेजी से बढ़ा है। देश का पहला समर्पित कॉर्न एथेनॉल प्लांट वर्ष 2017 में शुरू हुआ था।
इस साल जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, 2025 के अंत तक ब्राजील में 34 बायोरिफाइनरियां कॉर्न एथेनॉल का उत्पादन कर रही थीं। इनमें से 18 इकाइयां केवल मक्का से एथेनॉल बनाती हैं, जबकि बाकी इकाइयों में गन्ना और ज्वार जैसे अन्य कच्चे माल का भी इस्तेमाल किया जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि कॉर्न एथेनॉल उत्पादन में बढ़ोतरी से ब्राजील के बायोफ्यूल सेक्टर को और मजबूती मिलेगी।


















