नलगोंडा: तेलंगाना के नलगोंडा जिले में प्रस्तावित सोहम इंडस्ट्री एथेनॉल प्लांट को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कई जन संगठनों ने डामरचेरला मंडल के वीरलापलेम गांव में 20 नवंबर को आयोजित जनसुनवाई को रद्द कर नए सिरे से निष्पक्ष जनसुनवाई कराने की मांग की है। संगठनों का आरोप है कि स्थानीय लोगों को अपनी आपत्तियां रखने का उचित अवसर दिए बिना ही जनसुनवाई पूरी कर दी गई। सोमवार को तेलंगाना विद्यावंतुला वेदिका, ह्यूमन राइट्स फोरम, तेलंगाना पीपुल्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी, प्रजा संगहाला ऐक्य वेदिका और जना विज्ञान वेदिका के सदस्यों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 20 नवंबर की जनसुनवाई रद्द करने की मांग की।
तेलंगाना विद्यावंतुला वेदिका के जिला अध्यक्ष पांडुला सैदुलु, प्रजा संगहाला ऐक्य वेदिका के जिला संयोजक बी. रामैया और ह्यूमन राइट्स फोरम के जिला महासचिव जी. वेंकटरमण ने आरोप लगाया कि, जनसुनवाई के दौरान लोगों पर दबाव बनाया गया और उन्हें धमकाया गया। संगठनों ने सवाल उठाया कि, करीब 5,000 की आबादी वाले गांव के लोगों की राय महज 20 से कम प्रतिभागियों की बातों के आधार पर कैसे मानी जा सकती है। उनका आरोप है कि, अधिकारियों ने परियोजना का समर्थन करने वाले कुछ लोगों की राय तो दर्ज की, लेकिन स्थानीय अनुसूचित जनजाति के निवासियों और विशेषज्ञों की आपत्तियों को नजरअंदाज कर दिया।
ग्रामीणों ने आशंका जताई थी कि, प्रस्तावित एथेनॉल प्लांट से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है और कृष्णा नदी का पानी प्रदूषित हो सकता है। यह नदी प्रस्तावित प्लांट स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राजस्व मंडल अधिकारी और कंपनी के प्रतिनिधियों ने इन चिंताओं का संतोषजनक जवाब नहीं दिया और जनसुनवाई अचानक समाप्त कर दी।संगठनों ने अधिकारियों पर तेलंगाना हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। उनके अनुसार, अदालत ने परियोजना को चुनौती देने वाले याचिकाकर्ताओं की राय पर विचार करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद कुछ युवाओं को गिरफ्तार कर अलग-अलग पुलिस थानों में रखा गया।संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण औद्योगिक परियोजनाओं के विरोधी नहीं हैं, लेकिन वे ऐसी औद्योगिक इकाइयां नहीं चाहते जिनसे लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को नुकसान पहुंचे।
उन्होंने कृष्णा नदी से प्रतिदिन 60 लाख लीटर पानी लेने के प्रस्ताव पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र के किसान पहले से ही सूखे जैसी परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में नदी से इतनी बड़ी मात्रा में पानी लेने से उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।जन संगठनों ने मांग की है कि, 20 नवंबर को हुई जनसुनवाई को रद्द कर पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से दोबारा आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि, सभी ग्रामीणों को बिना किसी दबाव या डर के अपनी राय और आपत्तियां रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।


















