नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने गन्ना (नियंत्रण) आदेश, 2026 के मसौदे को वापस ले लिया है। सरकार का कहना है कि, राज्य सरकारों और अन्य हितधारकों से मिली आपत्तियों और सुझावों को देखते हुए इस मसौदे पर दोबारा विचार करने की आवश्यकता है। खाद्य मंत्रालय ने इस मसौदे को सार्वजनिक टिप्पणियों के लिए जारी किया था, जिसकी अंतिम तारीख 20 मई तय की गई थी। मंत्रालय ने अपने कार्यालय ज्ञापन में कहा, राज्य सरकारों और अन्य हितधारकों से प्राप्त सुझावों और टिप्पणियों के आधार पर गन्ना (नियंत्रण) आदेश, 2026 के मसौदे पर पुनर्विचार करना आवश्यक समझा गया है।
यह मसौदा 60 साल पुराने गन्ना (नियंत्रण) आदेश, 1966 की जगह लेने के लिए लाया गया था। इसमें एथेनॉल और खांडसारी उद्योग को सरकारी नियमन के दायरे में लाने का प्रस्ताव शामिल था। इस प्रस्ताव का खांडसारी इकाइयों और किसानों ने विरोध किया। मसौदे में खांडसारी इकाई की नई परिभाषा तय की गई थी—जिसमें 10 से अधिक कर्मचारी और प्रतिदिन 500 टन से ज्यादा गन्ना पेराई क्षमता वाली इकाइयों को शामिल किया जाना था। जबकि मौजूदा नियमों में खांडसारी इकाई की परिभाषा 20 या उससे अधिक कर्मचारियों वाली इकाइयों के रूप में है, और उसमें उत्पादन क्षमता की कोई सीमा तय नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, नई परिभाषा लागू होने पर बड़ी संख्या में छोटी और श्रम-आधारित इकाइयाँ सरकारी नियंत्रण में आ जातीं।इससे किसानों पर असर पड़ता, क्योंकि उन्हें आमतौर पर चीनी मिलों की तुलना में खांडसारी इकाइयों से बेहतर कीमत मिलती है।


















