हनोई: वियतनाम ने सोमवार 1 जून से देशभर में E10 बायोफ्यूल पेट्रोल की बिक्री शुरू कर दी है। इसके साथ ही देश के ईंधन बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां अब पारंपरिक पेट्रोल की जगह एथेनॉल मिश्रित ईंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उद्योग और व्यापार मंत्रालय द्वारा जारी नए नियमों के अनुसार, सभी अनलेडेड पेट्रोल को अब E10 में बदला जाएगा। E10 ऐसा ईंधन है जिसमें 10 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जाता है। वहीं E5 RON92 पेट्रोल, जिसमें 5 प्रतिशत एथेनॉल होता है, वर्ष 2030 के अंत तक उपलब्ध रहेगा।
देश की प्रमुख ईंधन कंपनियों, जिनमें वियतनाम नेशनल पेट्रोलियम ग्रुप और पेट्रोवियतनाम ऑयल कॉर्पोरेशन शामिल हैं, ने इस बदलाव को लागू कर दिया है। अगस्त 2025 से कई क्षेत्रों में E10 का परीक्षण चल रहा था, जिसके बाद अब इसे पूरे देश में लागू किया गया है। सरकार का कहना है कि, इस कदम का उद्देश्य ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कमी, नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा और जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करना है। मंत्रालय के अनुसार, देश में एथेनॉल का घरेलू उत्पादन और आयात दोनों ही पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे E10 की मांग आसानी से पूरी की जा सकेगी।


















