गन्ना, चीनी और एथेनॉल के लिए अलग-अलग मूल्य निर्धारण व्यवस्था लागू करे केंद्र सरकार : मंत्री लक्ष्मण सवदी

मंगलुरु (कर्नाटक) : गन्ना किसानों और चीनी मिलों के बीच हर पेराई सीजन में गन्ने के दाम को लेकर होने वाले विवादों को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए केंद्र सरकार को गन्ना, चीनी और एथेनॉल के लिए अलग-अलग मूल्य निर्धारण व्यवस्था लागू करनी चाहिए। यह मांग कर्नाटक के सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सवदी ने केंद्र सरकार से की है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री सवदी ने कहा कि, गन्ना किसानों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें गन्ने और चीनी के लिए अलग-अलग मूल्य निर्धारित करना, चीनी मिलों द्वारा उत्पादित एथेनॉल को लाभकारी कीमत देना तथा मिलों के संपूर्ण एथेनॉल उत्पादन की सरकारी खरीद सुनिश्चित करना शामिल है।

बेलगावी में हाल ही में किसान नेताओं और चीनी मिल मालिकों के बीच हुई बातचीत का उल्लेख करते हुए सावदी ने बताया कि, शुरुआत में गन्ने का 3,300 रुपये प्रति टन भाव घोषित किया गया था। इसके बाद कई चीनी मिलों ने 3,800 रुपये प्रति टन का भाव देने की पेशकश की। उन्होंने कहा कि, पड़ोसी महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में चीनी मिलों ने लगभग 4,000 रुपये प्रति टन गन्ना मूल्य देने की पेशकश की है और वहां गन्ना पेराई भी शुरू हो चुकी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य बढ़ाने की मांग

मंत्री सवदी ने चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी की भी मांग की। वर्तमान में चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 31 रुपये प्रति किलो है। चीनी उद्योग से जुड़े विभिन्न घटक लंबे समय से इसे बढ़ाकर 55 से 60 रुपये प्रति किलो करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि, घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए चीनी की अलग-अलग कीमतें निर्धारित करने पर सरकार विचार करे। जिस प्रकार घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के लिए अलग-अलग मूल्य व्यवस्था लागू है, उसी तर्ज पर चीनी के लिए भी अलग मूल्य निर्धारण प्रणाली बनाई जा सकती है। उनके अनुसार, इस व्यवस्था से बाजार की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ चीनी उद्योग को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी।

हर पेराई सीजन में विवाद रोकने के लिए स्थायी नीति जरूरी

सवदी ने कहा कि, गन्ना किसानों को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार को स्थायी मूल्य निर्धारण नीति लागू करनी चाहिए। हर पेराई सीजन में गन्ने के दाम को लेकर किसानों और चीनी मिलों के बीच विवाद तथा आंदोलन की स्थिति पैदा होती है। इसे रोकने के लिए गन्ना, चीनी और इथेनॉल के मूल्य निर्धारण की अलग-अलग और प्रभावी व्यवस्था बनाना आवश्यक है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here