जॉर्जटाउन: गुयाना सरकार देश के चीनी उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए व्यापक सुधारों की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत चीनी मिलों के आधुनिकीकरण, प्रबंधन सुधार, खेतों में मशीनीकरण और अंतरफसली खेती (इंटरक्रॉपिंग) जैसी पहलें शुरू की जा रही हैं।सरकार का लक्ष्य उद्योग की उत्पादकता बढ़ाना, आय के नए स्रोत विकसित करना और चीनी क्षेत्र को दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ बनाना है।यह जानकारी गुयाना के राष्ट्रपति इरफ़ान अली ने हाल ही में एक बैठक के दौरान दी। उन्होंने पिछले सप्ताह कृषि सहयोग के लिए अंतर-अमेरिकी संस्थान के महानिदेशक डॉ. मोहम्मद इब्राहिम और ब्राजील के कृषि एवं पशुधन उपमंत्री क्लेबर सोआरेस से मुलाकात की थी।
राष्ट्रपति अली ने बताया कि, सरकार ने चीनी उद्योग के लिए एक बहुआयामी आधुनिकीकरण कार्यक्रम तैयार किया है। इसके तहत प्रबंधन सुधार, चीनी मिलों में नई तकनीकों का उपयोग, खेतों का मशीनीकरण और आय बढ़ाने के लिए अंतरफसली खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।इस अभियान में भारत, आईआईसीए और ब्राजीलियाई कृषि अनुसंधान निगम जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से तकनीकी सहयोग लेने की योजना भी बनाई गई है। राष्ट्रपति ने कहा, चीनी उद्योग उन क्षेत्रों में से एक है जिसे अब सुधारने की आवश्यकता है।हम भारत के साथ काम कर रहे हैं और आईआईसीए से भी सहयोग मांगा है, ताकि इस क्षेत्र को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।
राष्ट्रपति अली ने कहा कि, सरकार चीनी उद्योग से जुड़ी कई समस्याओं को एक साथ हल करने पर काम कर रही है।उन्होंने कहा, हम प्रबंधन संबंधी समस्याओं को दूर कर रहे हैं, तकनीकी सुधार कर रहे हैं, चीनी मिलों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है और खेतों में मशीनीकरण की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, अंतरफसली खेती के माध्यम से अतिरिक्त मूल्य और आय सृजित करने की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जा रहा है। गुयाना के कृषि विकास के संदर्भ में राष्ट्रपति अली ने ब्राजील की सफलता का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब ब्राजील अपनी 80 प्रतिशत से अधिक खाद्य जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर था, लेकिन आज वह 190 से अधिक देशों को खाद्य उत्पादों का निर्यात करता है।
उन्होंने कहा कि, गुयाना भी रणनीतिक साझेदारी, तकनीकी हस्तांतरण और कृषि नवाचारों के माध्यम से इसी तरह की सफलता हासिल करना चाहता है। पिछले पांच वर्षों में इस दिशा में तेज़ी से प्रगति हुई है। राष्ट्रपति अली ने पिछले महीने संकेत दिया था कि कमजोर प्रदर्शन करने वाली गुयाना चीनी निगम की इकाइयों में प्रबंधन स्तर पर बड़े बदलाव किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि, जो चीनी मिलें लगातार लक्ष्य हासिल करने में विफल रही हैं, वहां विशेष रूप से वरिष्ठ प्रबंधन और मुख्य कार्यालय स्तर पर पुनर्गठन की आवश्यकता है।राष्ट्रपति के अनुसार, उद्योग को प्रतिस्पर्धी और लाभकारी बनाने के लिए जवाबदेही तय करना और प्रशासनिक सुधार करना जरूरी है।
रिपोर्ट के अनुसार, गाइसुको ने वर्ष 2025 में लगभग 59,200 टन चीनी उत्पादन किया, जो उसके संशोधित अंतिम लक्ष्य 60,000 टन से भी कम रहा। यह उत्पादन वर्ष 2025 के संशोधित लक्ष्य 70,000 टन और शुरुआती लक्ष्य 80,000 टन की तुलना में काफी कम है। उत्पादन में लगातार कमी आने के कारण सरकार उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए नई रणनीतियों पर काम कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रबंधन सुधार, तकनीकी उन्नयन, मशीनीकरण और अंतरफसली खेती जैसी योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जाती हैं, तो गुयाना का चीनी उद्योग आने वाले वर्षों में फिर से मजबूत स्थिति हासिल कर सकता है।


















