बी-हैवी शीरे से मक्का आधारित एथेनॉल की ओर बदलाव से तेल कंपनियों की खरीद लागत में 813 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी संभव

नई दिल्ली: केंद्र सरकार द्वारा एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 के लिए चीनी आधारित एथेनॉल की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद, बी-हैवी शीरे (B-Heavy Molasses) से बनने वाले एथेनॉल की जगह मक्का आधारित एथेनॉल का उपयोग करने पर तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को प्रत्येक 100 करोड़ लीटर एथेनॉल के लिए लगभग 813 करोड़ रुपये की अतिरिक्त खरीद लागत उठानी पड़ सकती है।

द हिंदू बिजनेसलाइन में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस बदलाव के कारण बी-हैवी शीरे से बने एथेनॉल की खरीद लागत 60.73 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर मक्का आधारित एथेनॉल के लिए 68.86 रुपये प्रति लीटर हो सकती है। यानी लागत में लगभग 13.4 प्रतिशत की वृद्धि होगी। इससे सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के ईंधन विपणन मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है। हालांकि, वास्तविक वित्तीय प्रभाव इस बात पर निर्भर करेगा कि कंपनियां अपनी खरीद जरूरतों को पूरा करने के लिए किन-किन कच्चे माल (फीडस्टॉक) का इस्तेमाल करती हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

यह अनुमान सांकेतिक है, क्योंकि एथेनॉल उत्पादन में मक्का, अधिशेष चावल और अन्य अनुमत कच्चे माल के उपयोग की मात्रा उनकी उपलब्धता और आवंटन पर निर्भर करेगी। आईसीआरए (ICRA) के उपाध्यक्ष एवं सह-समूह प्रमुख अंकित जैन ने कहा कि, सरकार के चीनी को एथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल करने पर प्रतिबंध लगाने के फैसले से चीनी की उपलब्धता पर दबाव कम होने की उम्मीद है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब घरेलू चीनी उत्पादन की उपलब्धता अपेक्षाकृत सीमित रहने की संभावना है।

चीनी आधारित एथेनॉल की आपूर्ति पर रोक

यह प्रतिबंध भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन द्वारा 16 अक्टूबर को सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों की ओर से जारी निविदा के बाद आया है।इस निविदा के तहत नवंबर 2026 से अक्टूबर 2027 की आपूर्ति अवधि के लिए लगभग 1,100 करोड़ लीटर एथेनॉल की खरीद की जानी है। संशोधित व्यवस्था के तहत गन्ने के रस, चीनी सिरप और बी-हैवी शीरे से उत्पादित एथेनॉल को खरीद के दायरे से बाहर कर दिया गया है। वहीं, मक्का, खराब खाद्यान्न, भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अधिशेष चावल और सी-हैवी शीरे से बने एथेनॉल की आपूर्ति को अनुमति दी गई है।

खरीद की इस नई व्यवस्था का इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन पर अलग-अलग वित्तीय प्रभाव पड़ सकता है। यह प्रभाव प्रत्येक कंपनी को मिलने वाले आवंटन और वास्तव में की जाने वाली एथेनॉल आपूर्ति पर निर्भर करेगा।

मक्का आधारित एथेनॉल की कीमत में कटौती, फिर भी महंगा

नई निविदा में मक्का आधारित एथेनॉल की खरीद कीमत 71.86 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 68.86 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। यह लगभग 4.2 प्रतिशत की कमी है। इसके बावजूद मक्का आधारित एथेनॉल, बी-हैवी शीरे से बने एथेनॉल की तुलना में महंगा है। वहीं, भारतीय खाद्य निगम के अधिशेष चावल से तैयार एथेनॉल की कीमत 60.32 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है।इन कीमतों में परिवहन शुल्क और कर शामिल नहीं हैं। पेट्रोल की खुदरा कीमतों में संभावित बढ़ोतरी का अंतिम निर्णय तेल विपणन कंपनियों की मूल्य निर्धारण नीति पर निर्भर करेगा।

2026-27 में चीनी उत्पादन और उपलब्धता पर दबाव की आशंका

आईसीआरए के अनुमान के अनुसार, भारत में 2026-27 के चीनी सीजन के दौरान चीनी उत्पादन 2.7 करोड़ से 2.8 करोड़ टन के बीच रह सकता है। वहीं, घरेलू खपत लगभग 2.83 करोड़ टन रहने का अनुमान है। इसके परिणामस्वरूप सीजन के अंत में चीनी का भंडार घटकर 35 लाख से 45 लाख टन तक रह सकता है, जो दो महीने से भी कम की घरेलू खपत के बराबर होगा। चीनी आधारित एथेनॉल उत्पादन पर प्रतिबंध लगाने से घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इस फैसले का उन चीनी मिलों के राजस्व और मुनाफे पर असर पड़ सकता है, जिन्होंने गन्ने के रस, सिरप और बी-हैवी शीरे से एथेनॉल बनाने के लिए डिस्टिलरी संयंत्रों में निवेश किया है।

‘इस्मा’ ने फैसले का समर्थन किया, लेकिन आवंटन प्रक्रिया पर उठाए सवाल

इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) ने घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता सुरक्षित रखने के सरकार के कदम का समर्थन किया है। हालांकि, संगठन ने एथेनॉल खरीद की मात्रा के आवंटन में विशेष रूप से एथेनॉल उत्पादन के लिए स्थापित संयंत्रों को प्राथमिकता दिए जाने पर चिंता जताई है।‘इस्मा’ के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, आगामी एथेनॉल आपूर्ति वर्षों के लिए आवंटन व्यवस्था की समीक्षा की जानी चाहिए, ताकि डिस्टिलरी प्लांट्स में निवेश करने वाली चीनी मिलों को खरीद प्रक्रिया में उचित अवसर मिल सके।उद्योग संगठन ने सी-हैवी शीरे से बने एथेनॉल की खरीद कीमत 57.97 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 62.23 रुपये प्रति लीटर करने की मांग भी की है। यह लगभग 7.3 प्रतिशत की प्रस्तावित वृद्धि है।

एथेनॉल की कीमतों का ऑटोमोबाइल उद्योग पर भी असर

एथेनॉल की उपलब्धता और लागत ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए भी महत्वपूर्ण हो गई है। खासकर उन वाहन निर्माताओं के लिए, जिन्होंने 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल यानी ई20 (E20) के अनुकूल वाहन बनाने में निवेश किया है। एथेनॉल की खरीद लागत बढ़ने का अर्थ यह नहीं है कि कच्चे तेल का आयात अपने आप बढ़ जाएगा। हालांकि, यदि अनुमत कच्चे माल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होती है, तो एथेनॉल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इससे पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का स्तर बनाए रखने में कठिनाई आ सकती है और सामान्य पेट्रोल की आवश्यकता बढ़ सकती है।ऐसे में तेल विपणन कंपनियों के सामने प्रमुख चुनौती यह होगी कि वे अनुमत कच्चे माल से पर्याप्त मात्रा में एथेनॉल हासिल करें, ताकि ई20 मिश्रण का लक्ष्य पूरा किया जा सके। साथ ही, खरीद लागत में अत्यधिक वृद्धि और ईंधन विपणन मार्जिन पर पड़ने वाले दबाव को भी नियंत्रित करना होगा।

 

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here