सामान्य से 43% कम बारिश, केंद्र सरकार ने 315 जिलों को कमजोर मानसून के लिए किया चिन्हित

नई दिल्ली: देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की बारिश सामान्य से काफी कम रहने के बीच केंद्र सरकार ने 315 जिलों को कमजोर वर्षा की आशंका वाले संवेदनशील क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया है। खरीफ फसलों पर संभावित असर को देखते हुए सरकार ने इन जिलों में विशेष तैयारी और निगरानी शुरू कर दी है। उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि, अब तक देश में सामान्य से लगभग 43 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 जुलाई तक भी बारिश कमजोर रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि, मानसून में देरी और कम बारिश का सबसे अधिक प्रभाव वर्षा आधारित खेती वाले क्षेत्रों पर पड़ सकता है, जहां कृषि मुख्य रूप से मानसूनी वर्षा पर निर्भर करती है।

कृषि मंत्रालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा किए गए संयुक्त आकलन के आधार पर 315 जिलों को संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया है। इनमें से 111 जिलों को उच्च प्राथमिकता श्रेणी में रखा गया है, जहां सिंचाई सुविधा 25 प्रतिशत से भी कम है। इसके अलावा 76 जिले मध्यम प्राथमिकता और 128 जिले अपेक्षाकृत बेहतर सिंचाई व्यवस्था के कारण निम्न प्राथमिकता श्रेणी में रखे गए हैं।ये जिले मुख्य रूप से मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, बिहार, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित 12 राज्यों में स्थित हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कृषि मंत्री ने कहा कि, सरकार मौसम की स्थिति और खराब होने का इंतजार करने के बजाय पहले से तैयारी कर रही है। किसानों को नुकसान से बचाने के लिए जिला स्तर पर आपात कृषि योजनाएं सक्रिय कर दी गई हैं।आईसीएआर और आईसीएआर-क्रिडा द्वारा सभी जिलों के लिए विशेष जिला कृषि आकस्मिक योजना (District Agriculture Contingency Plan) तैयार की गई है। इन योजनाओं में स्थानीय वर्षा पैटर्न, जल उपलब्धता, फसल प्रणाली और जलवायु जोखिमों को ध्यान में रखा गया है।

सरकार ने कम वर्षा वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने, फसल विविधीकरण अपनाने, पानी के बेहतर उपयोग और किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर विकसित करने की रणनीति तैयार की है।राज्यों और जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि ये योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरत पड़ने पर खेत स्तर पर भी प्रभावी रूप से लागू की जाएं।जल संरक्षण को भी तैयारी का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है। राज्यों को तालाबों, जलाशयों, नालों, खेत तालाबों, चेक डैम, स्टॉप डैम और अस्थायी जल संरचनाओं की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए गए हैं ताकि कम बारिश की स्थिति में अधिक से अधिक पानी का संग्रह किया जा सके।

संवेदनशील जिलों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जल वाले क्षेत्रों से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।केंद्र सरकार ने राज्यों को कम अवधि में तैयार होने वाली और कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को बढ़ावा देने की सलाह दी है। यदि मानसून में देरी जारी रहती है, तो किसानों को वैकल्पिक फसलों की ओर स्थानांतरित करने की भी तैयारी की जा रही है।कृषि मंत्री ने कहा कि, सरकार का उद्देश्य खरीफ सीजन के दौरान कृषि गतिविधियों को प्रभावित होने से बचाना और किसानों के जोखिम को न्यूनतम करना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here