इडुक्की : केरल के प्रसिद्ध मरायूर गुड़ का भविष्य संकट में नजर आ रहा है। वर्ष 2019 में भौगोलिक संकेतक (GI) टैग प्राप्त करने वाले इस पारंपरिक उत्पाद के लिए कच्चे माल की उपलब्धता लगातार घट रही है। इसका मुख्य कारण मरायूर और कंथल्लूर क्षेत्र में गन्ने की खेती का तेजी से कम होना है। किसानों के अनुसार, मानव-वन्यजीव संघर्ष, मजदूरों की कमी और भूमि उपयोग के बदलते स्वरूप ने गन्ना उत्पादन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। एक समय विशाल गन्ने के खेतों के लिए प्रसिद्ध मरायूर और कंथल्लूर गांवों में अब गन्ने का रकबा लगातार सिमटता जा रहा है। यही गन्ना मरायूर गुड़ की विशिष्ट पहचान और गुणवत्ता का आधार माना जाता है।
किसानों का कहना है कि, पर्यटन के बढ़ते विस्तार के कारण बड़ी मात्रा में कृषि भूमि का उपयोग पर्यटन परियोजनाओं और आवासीय निर्माण के लिए किया जा रहा है। इसके अलावा, लाइफ मिशन (Life Mission) आवास योजना के लाभार्थी, विशेषकर मुन्नार के बागान श्रमिक, जो वहां जमीन खरीदने में सक्षम नहीं हैं, वे भी मरायूर और कंथल्लूर क्षेत्र में मकान बनाने के लिए जमीन खरीद रहे हैं।
कंथल्लूर के किसान शिवकुमार ने ‘दि न्यू इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया की, पिछले कुछ वर्षों में गन्ने की खेती का क्षेत्र लगभग आधा रह गया है। उन्होंने बताया कि, पहले जहां करीब 1,000 हेक्टेयर भूमि पर गन्ने की खेती होती थी, वहीं अब यह घटकर लगभग 500 हेक्टेयर रह गई है। उन्होंने कहा कि जंगली हाथी, जंगली सूअर और मोरों से फसलों को होने वाला नुकसान तथा कृषि मजदूरों की कमी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
गन्ने की फसल तैयार होने में लगभग एक वर्ष का समय लगता है। इस दौरान किसानों के लिए जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा करना बेहद कठिन हो जाता है। खेती घाटे का सौदा बनने के कारण कई किसानों ने गन्ने की खेती छोड़ दी है। वहीं, परिवार आधारित पारंपरिक गुड़ निर्माण इकाइयों की जगह अब आधुनिक प्रसंस्करण केंद्रों ने ले ली है, जहां किसान स्वयं गुड़ बनाने के बजाय कटे हुए गन्ने की बिक्री कर रहे हैं।
जीआई टैग का लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार और वैज्ञानिक संस्थानों ने सीएसआईआर-नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर इंटरडिसिप्लिनरी साइंस एंड टेक्नोलॉजी (CSIR-NIIST) तथा मरायूर एग्रीकल्चर हिल्स डेवलपमेंट सोसाइटी (MAHADS) के सहयोग से कंथल्लूर में एक विकेंद्रीकृत प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है। हालांकि, निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद यह इकाई अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। इसी तरह, आदिवासी किसानों द्वारा तैयार किए जाने वाले असली मरायूर गुड़ के विपणन के लिए शुरू किया गया ‘मरायूर मधुरम’ ब्रांड भी नकली उत्पादों और बाजार संबंधी चुनौतियों के कारण अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाया है।
महाड्स (MAHADS) के सचिव इंद्रजीत ने बताया कि, किसानों की आय बढ़ाने के लिए संस्था मरायूर गुड़ से तैयार मूल्य संवर्धित उत्पादों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि, मरायूर गुड़ से बनी मूंगफली चिक्की (पीनट कैंडी) जैसे उत्पाद बाजार में उतारे जा रहे हैं, लेकिन मरायूर गुड़ की कीमत 100 से 120 रुपये प्रति किलोग्राम होने के कारण इन उत्पादों की लागत बाजार में उपलब्ध अन्य मिठाइयों की तुलना में अधिक पड़ती है। प्रतिस्पर्धी बनने के लिए इनके उत्पादन लागत को कम करना आवश्यक है। इंद्रजीत का कहना है कि, मरायूर गुड़ की विरासत और इससे जुड़े किसानों की आजीविका को बचाने के लिए सरकार को गन्ना खेती को संरक्षण देना होगा, जंगली जानवरों की समस्या का समाधान करना होगा और मूल्य संवर्धित उत्पादों को बढ़ावा देना होगा।

















