लंदन : ब्रिटेन सरकार ने इंडोनेशिया से आयात होने वाले बायोडीजल पर लगाए गए एंटी-डंपिंग शुल्क को बरकरार रखने का फैसला किया है। व्यापार एवं उद्योग मंत्री (सेक्रेटरी ऑफ स्टेट फॉर बिजनेस एंड ट्रेड) ने ट्रेड रेमेडीज अथॉरिटी (टीआरए) की सिफारिश को स्वीकार करते हुए कहा कि ब्रिटेन के घरेलू बाजार की सुरक्षा के लिए ये शुल्क अभी भी आवश्यक हैं।इस संबंध में समीक्षा प्रक्रिया दिसंबर 2024 में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य यह तय करना था कि एंटी-डंपिंग शुल्क जारी रखा जाए या नहीं और क्या उत्पाद की परिभाषा में बदलाव की जरूरत है। जांच पूरी होने के बाद टीआरए ने इन शुल्कों को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने की सिफारिश की।
समीक्षा के दौरान प्राधिकरण ने सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ) को बायोडीजल की उत्पाद श्रेणी से बाहर रखने की भी सिफारिश की। टीआरए का कहना है कि एसएएफ और पारंपरिक बायोडीजल के उत्पादन की प्रक्रिया, कच्चे माल, ग्राहकों और उपयोग में पर्याप्त अंतर है, इसलिए दोनों को एक ही श्रेणी में रखना उचित नहीं होगा। नई परिभाषा के अनुसार, फैटी एसिड मिथाइल एस्टर (एफएएमई) और गैर-जीवाश्म स्रोतों से तैयार पैराफिनिक डीजल ईंधन पर एंटी-डंपिंग शुल्क लागू रहेगा। यह शुल्क शुद्ध रूप में या मिश्रित ईंधन (ब्लेंड) के रूप में बेचे जाने वाले बायोडीजल पर भी लागू होगा।
ब्रिटेन सरकार ने स्पष्ट किया है कि, इन उत्पादों पर 8 प्रतिशत से 18 प्रतिशत तक का एंटी-डंपिंग शुल्क पहले की तरह जारी रहेगा।ब्रेक्जिट से पहले व्यापार संबंधी ऐसे मामलों की जांच यूरोपीय आयोग करता था। यूरोपीय संघ से अलग होने के बाद ब्रिटेन ने कई व्यापारिक सुरक्षा उपायों को अपने कानून में शामिल कर लिया था। इसके बाद ट्रेड रेमेडीज अथॉरिटी समय-समय पर इन उपायों की समीक्षा कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे ब्रिटेन की वर्तमान व्यापारिक आवश्यकताओं के अनुरूप हैं। इंडोनेशियाई बायोडीजल पर यह समीक्षा ऐसे अंतिम संक्रमणकालीन मामलों में से एक मानी जा रही है।


















