नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (OMCs) इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने बताया है कि, अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान उनकी डीजल बिक्री में बायोडीजल मिश्रण का औसत केवल 0.08 प्रतिशत रहा। कंपनियों ने इसके लिए बायोडीजल उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल (फीडस्टॉक) की सीमित उपलब्धता को प्रमुख कारण बताया है।
HPCL की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी स्पष्टीकरण में कहा गया कि इस अवधि में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने लगभग 4,900 करोड़ लीटर हाई-स्पीड डीजल (HSD) की बिक्री की। इसमें से 4,700 करोड़ लीटर से अधिक डीजल में बायोडीजल बिल्कुल भी मिश्रित नहीं था। शेष 200 करोड़ लीटर डीजल में कुल 4 करोड़ लीटर बायोडीजल मिलाया गया। इस हिस्से में बायोडीजल मिश्रण का औसत स्तर 2 प्रतिशत रहा।
2030 तक 5% बायोडीजल मिश्रण का लक्ष्य
तेल कंपनियों ने बताया कि राष्ट्रीय जैव ईंधन नीति-2018 में 2022 में संशोधन किया गया था। इस नीति के तहत वर्ष 2030 तक डीजल में 5 प्रतिशत बायोडीजल मिश्रण का सांकेतिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है।हालांकि, फीडस्टॉक की सीमित उपलब्धता के कारण वास्तविक बायोडीजल मिश्रण अभी भी इस लक्ष्य से काफी कम है। वित्त वर्ष 2025-26 में सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों का कुल बायोडीजल मिश्रण केवल 0.18 प्रतिशत रहा था।
सभी डीजल उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप
कंपनियों के अनुसार, वे जो भी डीजल बेचती हैं, उसमें बायोडीजल की बहुत कम मात्रा वाला डीजल भी शामिल है। इन सभी उत्पादों पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के ऑटोमोटिव डीजल ईंधन संबंधी मानक IS 1460 लागू होते हैं।कंपनियों ने यह भी स्पष्ट किया कि ये गुणवत्ता मानक सार्वजनिक रूप से अधिसूचित राष्ट्रीय जैव ईंधन नीति का हिस्सा हैं।
इंडोनेशिया, मलेशिया और ब्राजील में 10 से 50% तक मिश्रण
तेल विपणन कंपनियों ने कहा कि दुनिया के कई देशों में डीजल के साथ बायोडीजल का मिश्रण सामान्य रूप से किया जाता है। उन्होंने इंडोनेशिया, मलेशिया और ब्राजील का उदाहरण देते हुए बताया कि इन देशों में उपलब्ध फीडस्टॉक के आधार पर 10 से 50 प्रतिशत तक बायोडीजल मिश्रण के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।कंपनियों ने दोहराया कि, वे निर्धारित गुणवत्ता मानकों और लागू नियमों के अनुरूप ईंधन की आपूर्ति करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


















