नई दिल्ली : भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (ISMA) ने E20 एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक जानकारियों पर चिंता जताई है। संगठन ने कहा है कि, इस विषय पर सार्वजनिक चर्चा वैज्ञानिक प्रमाणों, सत्यापित आंकड़ों और सरकार की आधिकारिक जानकारी के आधार पर होनी चाहिए, न कि अफवाहों और गलत दावों के आधार पर।
सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे भ्रामक…
‘इस्मा’ ने कहा कि, हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि E20 पेट्रोल से वाहनों के इंजन खराब हो जाते हैं, कीड़े आकर्षित होते हैं, वाहन बीमा अमान्य हो जाता है या गन्ने के रस को सीधे पेट्रोल में मिलाया जाता है। संगठन के अनुसार, ये सभी दावे तथ्यहीन और भ्रामक हैं।
सरकार ने बताया पूरी तरह वैज्ञानिक है एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम…
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, भारत का एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम वैज्ञानिक परीक्षणों, तकनीकी मानकों और लगातार निगरानी के आधार पर संचालित किया जा रहा है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि, इस कार्यक्रम को लागू करने से पहले तेल विपणन कंपनियों, ऑटोमोबाइल निर्माताओं, ईंधन परीक्षण एजेंसियों और अन्य संबंधित पक्षों से व्यापक परामर्श किया गया था। सरकार के मुताबिक, E20 पेट्रोल लागू होने के बाद इंजन खराब होने या वाहन बंद पड़ने की कोई प्रमाणित घटना सामने नहीं आई है।
गन्ने का रस सीधे पेट्रोल में नहीं मिलाया जाता…
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि, ईंधन ग्रेड एथेनॉल औद्योगिक प्रक्रिया के तहत किण्वन (फर्मेंटेशन) और आसवन (डिस्टिलेशन) के माध्यम से तैयार किया जाता है। यह अपने मूल कृषि उत्पाद से पूरी तरह अलग होता है। एथेनॉल का उत्पादन गन्ने के रस, शीरे (मोलासेस), टूटे हुए चावल और मक्का जैसे विभिन्न कृषि स्रोतों से किया जाता है। पेट्रोल में मिलाने से पहले यह कड़े गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता है।
वाहन सुरक्षा और माइलेज पर क्या कहा?
‘इस्मा’ ने बताया कि ऑटोमोबाइल निर्माता, सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM), फेडरेशन ऑफ इंडियन पेट्रोलियम इंडस्ट्री (FIPI), तेल विपणन कंपनियां (OMCs) और ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) पहले ही सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कर चुके हैं कि E20 से वाहन खराब होने की आशंकाएं केवल अफवाहों और गलतफहमियों पर आधारित हैं। संगठन के अनुसार, यदि कहीं माइलेज में थोड़ा बहुत अंतर देखा भी जाता है तो वह बेहद मामूली होता है। वहीं, E20 के उपयोग से प्रदूषण कम होता है, कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटती है, विदेशी मुद्रा की बचत होती है और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलती है।
देश के लिए अहम है एथेनॉल कार्यक्रम…
‘इस्मा’ के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, भारत का एथेनॉल कार्यक्रम ऊर्जा सुरक्षा, किसानों की आय और स्वच्छ ईंधन को एक साथ बढ़ावा देने का सफल उदाहरण है। उन्होंने कहा कि E20 को वैज्ञानिक प्रक्रिया और व्यापक परीक्षण के बाद लागू किया गया है। इसलिए इस पर होने वाली चर्चा तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए, न कि डर और भ्रम पर।
1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा की बचत…
इस्मा के अनुसार, एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम का उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देना है। सरकारी अनुमान के मुताबिक, एथेनॉल मिश्रण से भारत ने कच्चे तेल के आयात में कमी के कारण 1.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा की बचत की है। इसके साथ ही कृषि आधारित कच्चे माल की मांग बढ़ी है और किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिले हैं।
कई देशों में पहले से लागू है एथेनॉल मिश्रण…
संगठन ने कहा कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन केवल भारत में ही नहीं, बल्कि अमेरिका, ब्राजील और जापान जैसे कई देशों में भी व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है। ब्राजील में तो ई-27 मानक ईंधन मिश्रण के रूप में अपनाया गया है। इस्मा ने मीडिया, उद्योग जगत और आम नागरिकों से अपील की है कि वे एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर चर्चा करते समय केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों की जानकारी पर ही भरोसा करें।

















