नई दिल्ली : केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने तेल विपणन कंपनियों (OMCs) पर निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की आपूर्ति करने के आरोपों की आलोचना की है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने ऐसे आरोप लगाने वालों को वैज्ञानिक ज्ञान से वंचित बताया।मंगलवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए गोपी ने कहा कि, पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के कारण होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए एथेनॉल मिश्रण ही एकमात्र उपलब्ध विकल्प है। उन्होंने आरोप लगाया कि, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम और निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलाए जाने के दावों को लेकर राजनीतिक आरोप लगाए जा रहे हैं।
मंत्री गोपी ने कहा, “मैं ऐसे लोगों को कोई अपशब्द नहीं कहूंगा। मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि इन मूर्खों में से किसी को भी विज्ञान का ज्ञान नहीं है।”उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब कांग्रेस शासित कर्नाटक और केरल की सरकारों ने पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा की जांच शुरू की है। इससे पहले निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलाए जाने के आरोप लगाए गए थे। कर्नाटक का दावा है कि पेट्रोल के कुछ नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 20 प्रतिशत से अधिक पाई गई है, जबकि केरल में जांच के नतीजों का अभी इंतजार है।
पिछले सोमवार को कर्नाटक ने एक बार फिर आरोप लगाया कि, तेल विपणन कंपनियां निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की आपूर्ति कर रही हैं। राज्य सरकार के अनुसार, कुछ नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 31.2 प्रतिशत तक दर्ज की गई। सरकार ने भारत पेट्रोलियम के उस आश्वासन को भी खारिज कर दिया कि उसका E20 ईंधन निर्धारित मानकों के अनुरूप है।
कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार की जांच के निष्कर्ष पेश करते हुए तेल कंपनियों के जवाब की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए।अरशद ने कहा कि, राज्य सरकार अपने जांच परिणामों पर कायम है। उन्होंने तेल कंपनियों को चुनौती दी कि, वे कर्नाटक के विभिन्न पेट्रोल पंपों से एकत्र किए गए सभी 63 पेट्रोल नमूनों में एथेनॉल की मात्रा सार्वजनिक करें।
उन्होंने जोर देकर कहा कि, तेल कंपनियों के स्वयं के प्रमाणन के बजाय स्वतंत्र प्रयोगशालाओं में जांच आवश्यक है। उन्होंने अन्य राज्य सरकारों से भी अपने स्तर पर जांच कराने का आग्रह किया। साथ ही, केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त एजेंसियों के माध्यम से देशभर में पेट्रोल के नमूनों की जांच कराने का आदेश देने की मांग की।

















