नई दिल्ली : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम का जोरदार समर्थन करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में हालिया तनाव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत को आयातित जीवाश्म ईंधन पर अपनी निर्भरता कम करनी होगी और वैकल्पिक ईंधनों की ओर तेजी से बढ़ना होगा। CNN-News18 को दिए एक साक्षात्कार में गडकरी ने कहा कि, भारत की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा एथेनॉल, हाइड्रोजन और इलेक्ट्रिक वाहनों के व्यापक उपयोग पर निर्भर करती है और यही देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगा।
उन्होंने कहा, भारत को आयातित ईंधनों पर अपनी निर्भरता कम करनी होगी। पश्चिम एशिया के हालिया संकट ने दिखा दिया है कि ऊर्जा आयात पर अधिक निर्भरता कितनी जोखिमपूर्ण हो सकती है। ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत हमारा अंतिम लक्ष्य है। गडकरी ने उन आलोचनाओं को खारिज किया जिनमें कहा जाता है कि, एथेनॉल उत्पादन के लिए खाद्यान्न का उपयोग होने से खाद्य सुरक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि, एथेनॉल केवल अनाज से ही नहीं, बल्कि कृषि अपशिष्ट, जैविक कचरे, सड़े हुए फल और सब्जियों सहित कई प्रकार के कच्चे माल से तैयार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, कुछ लोग एथेनॉल को केवल शराब समझते हैं, जबकि इसे अनेक स्रोतों से बनाया जा सकता है। यहां तक कि सड़े हुए फल और सब्जियों से भी एथेनॉल का उत्पादन संभव है। उनके अनुसार, एथेनॉल उत्पादन बढ़ाने से भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी। E20 पेट्रोल के उपयोग को लेकर उठ रहे सवालों पर गडकरी ने कहा कि, सरकार ने एथेनॉल मिश्रित ईंधन अपनाने की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से लागू की है और उपभोक्ताओं के बीच फैलाई जा रही गलत जानकारी अनावश्यक भ्रम पैदा कर रही है।
उन्होंने कहा, सरकार की नीति और वैकल्पिक जैव ईंधनों की रूपरेखा हर चरण पर सार्वजनिक की गई है। हमारा उद्देश्य ऊर्जा आत्मनिर्भरता हासिल करना और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करना है। “गडकरी ने यह भी स्पष्ट किया कि, किसी वाहन में आने वाली हर तकनीकी खराबी का कारण एथेनॉल मिश्रित ईंधन नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, हर मशीन में समय-समय पर तकनीकी खराबी आ सकती है। कोई भी तकनीक 100 प्रतिशत परिपूर्ण नहीं होती। यदि वाहन में कोई समस्या आती है तो उसकी जांच अधिकृत डीलर से करानी चाहिए। हर यांत्रिक खराबी के लिए एथेनॉल को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने दोहराया कि, E20 ईंधन पुराने और नए दोनों प्रकार के वाहनों के लिए सुरक्षित है और इसके खिलाफ फैलाई जा रही कई बातें तथ्यों के बजाय भ्रम और राजनीतिक कारणों से प्रेरित हैं। गडकरी ने कहा कि, सरकार ने मक्का से एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने का फैसला लिया, जिसे केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी मंजूरी दी। उन्होंने बताया कि, इस नीति के लागू होने के बाद मक्का के किसानों को बेहतर कीमत मिलने लगी। उस समय मक्का का बाजार भाव लगभग ₹1,200 प्रति क्विंटल था, जबकि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹1,800 प्रति क्विंटल था। नीति लागू होने के बाद मक्का का बाजार भाव बढ़कर लगभग ₹2,800 प्रति क्विंटल हो गया।
गडकरी ने कहा कि, वर्ष 2004 से अब तक भारत ने लगभग ₹22 लाख करोड़ मूल्य के जीवाश्म ईंधन का आयात किया है, जिससे देश का भारी विदेशी मुद्रा भंडार बाहर गया है। उन्होंने कहा कि, एथेनॉल आधारित अर्थव्यवस्था किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता भी कम करेगी। गडकरी ने कहा कि, भारत में लगभग 40 प्रतिशत वायु प्रदूषण परिवहन क्षेत्र से जुड़ा है और उनका लक्ष्य इसे कम करना है। उन्होंने कहा कि, सरकार केवल एथेनॉल ही नहीं, बल्कि हाइड्रोजन ईंधन और इलेक्ट्रिक वाहनों को भी समान रूप से बढ़ावा दे रही है, ताकि भारत 2070 तक नेट-जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल कर सके।

















