नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने संसद को बताया है कि, मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले की तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में सहकारी चीनी मिल स्थापित करने का कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है, जबकि यह क्षेत्र गन्ना खेती की अच्छी संभावनाओं वाला माना जाता है। लोकसभा में मंगलवार को एक लिखित उत्तर में केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि, सरकार इस बात से अवगत है कि तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में कोई सहकारी चीनी मिल संचालित नहीं है।हालांकि, नरसिंहपुर जिले में कुल आठ निजी चीनी मिलें कार्यरत हैं, जिनमें से दो मिलें तेंदूखेड़ा क्षेत्र में स्थित हैं।
मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि, केंद्र सरकार स्वयं सहकारी चीनी मिलों की स्थापना नहीं करती। उन्होंने बताया कि 1998 में चीनी उद्योग को लाइसेंस व्यवस्था से मुक्त (डीलाइसेंस) कर दिया गया था और अब इस क्षेत्र में चीनी मिल स्थापित करने के लिए अनिवार्य लाइसेंस की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि फिलहाल तेंदूखेड़ा में सहकारी चीनी मिल स्थापित करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। हालांकि, सहकारिता मंत्रालय देशभर में सहकारी चीनी मिलों के पुनरुद्धार और आधुनिकीकरण को प्रोत्साहित कर रहा है।
मंत्री ने बताया कि, राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) व्यवहार्य पुनरुद्धार और आधुनिकीकरण परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता है। यह सहायता सीधे सहकारी चीनी मिलों को या राज्य सरकारों के माध्यम से, एनसीडीसी के दिशा-निर्देशों और आवश्यक जांच प्रक्रिया का पालन करने के बाद प्रदान की जाती है।


















