त्योहारी मांग और सीमित आपूर्ति के बीच भारत में चीनी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर

मुंबई: भारत में चीनी की थोक कीमतों में पिछले एक महीने के दौरान करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और ये अब रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई हैं। रॉयटर्स से बातचीत में व्यापारियों और उद्योग अधिकारियों ने बताया कि, सीमित आपूर्ति और आगामी त्योहारी सीजन से पहले बढ़ती मांग के कारण अगले कम से कम तीन महीनों तक चीनी की कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं।

चीनी की कीमतों में यह तेजी खुदरा महंगाई पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है। जून महीने में खुदरा महंगाई दर 17 महीनों में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित लक्ष्य से ऊपर पहुंच गई थी। कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार पहले ही चीनी निर्यात पर रोक लगा चुकी है और स्टॉक सीमा (स्टॉक लिमिट) लागू कर चुकी है। यदि कीमतों में तेजी जारी रहती है, तो सरकार और कड़े कदम उठा सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि, चीनी की कीमतों में इस उछाल से सूचीबद्ध चीनी कंपनियों जैसे बलरामपुर चीनी, द्वारिकेश शुगर, श्री रेनुका शुगर्स और डालमिया भारत शुगर की आय और मुनाफे में सुधार होने की संभावना है। बॉम्बे शुगर मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि, त्योहारी सीजन से पहले मांग बढ़नी शुरू हो गई है, जबकि चीनी मिलें यह उम्मीद करते हुए धीरे-धीरे स्टॉक बाजार में उतार रही हैं कि आगे कीमतें और बढ़ सकती हैं।

भारत में आमतौर पर अगस्त से नवंबर के बीच गणेश चतुर्थी, दशहरा और दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान मिठाइयों और कन्फेक्शनरी उत्पादों की मांग बढ़ने से चीनी की खपत में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। उद्योग के अनुमान के अनुसार, 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले नए विपणन सत्र की शुरुआत में चीनी मिलों के पास उपलब्ध स्टॉक घटकर करीब 35 लाख टन रह सकता है, जो पिछले 30 वर्षों से अधिक समय में सबसे निचला स्तर होगा। इसका कारण इस सीजन में उत्पादन का वार्षिक खपत से कम रहना और लगभग 8 लाख टन चीनी का निर्यात होना है।

मुंबई स्थित एक व्यापारी ने बताया कि, नवंबर में नई गन्ना फसल की पेराई शुरू होने के बाद ही आपूर्ति की स्थिति में सुधार की संभावना है। तब तक बाजार मौजूदा सीजन के उत्पादन पर निर्भर रहेगा, जो मांग को पूरी तरह पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं था। बिस्कुट, मिठाई और कन्फेक्शनरी निर्माता तथा सॉफ्ट ड्रिंक और पेय पदार्थ कंपनियां भी त्योहारी सीजन से पहले अपनी खरीद बढ़ा रही हैं। ऊंची कीमतों के बावजूद वे भंडार (इन्वेंट्री) तैयार कर रही हैं ताकि मांग के चरम समय में आपूर्ति की कमी का सामना न करना पड़े।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here