ईआईडी पैरी को 2026-27 में भारत के गन्ना उत्पादन में 10% गिरावट का अनुमान, चीनी आयात की जताई आशंका

ईआईडी पैरी (इंडिया) लिमिटेड को अनुमान है कि, वर्ष 2026-27 के चीनी सीजन में भारत का गन्ना उत्पादन लगभग 10 प्रतिशत घट सकता है। कंपनी के अनुसार, पानी की कम उपलब्धता और दक्षिण-पश्चिम मानसून के असमान वितरण से गन्ने की पैदावार तथा नई बुवाई प्रभावित होने की आशंका है। इसका सबसे अधिक असर कर्नाटक और महाराष्ट्र में देखने को मिल सकता है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मुथैया मुरुगप्पन ने नतीजों के बाद विश्लेषकों के साथ हुई बैठक में कहा कि, संभावित आपूर्ति की कमी को पूरा करने के लिए भारत को चीनी वर्ष 2026-27 में चीनी का आयात करना पड़ सकता है। इस बातचीत का विवरण कंपनी ने बीएसई में दाखिल किया है।

कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) वेंकटेश्वरलू ने भी भारत में गन्ने की फसल में संभावित गिरावट को लेकर चिंता जताई। वहीं, मुरुगप्पन ने कहा कि, वैश्विक चीनी बाजार में 2025-26 के दौरान लगभग 11 लाख मीट्रिक टन (एमएमटी) के अधिशेष के मुकाबले 2026-27 में करीब 2 लाख मीट्रिक टन की मामूली कमी रहने का अनुमान है।मुरुगप्पन के मुताबिक, वैश्विक आपूर्ति में संभावित कमी की एक प्रमुख वजह ब्राजील के मध्य-दक्षिण क्षेत्र में चीनी उत्पादन घटने की आशंका है। यहां उत्पादन 3.8 से 3.84 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। गन्ने के अधिक हिस्से को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़े जाने से चीनी उत्पादन प्रभावित हो सकता है। ब्राजील और अमेरिका में कम उत्पादन की भरपाई चीन में मामूली वृद्धि से होने की उम्मीद है, जिससे वैश्विक बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बन सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

2025-26 में भारत का चीनी संतुलन

वर्ष 2025-26 के चीनी सीजन के लिए भारत का कुल चीनी उत्पादन लगभग 3.1 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। इसमें से 31 लाख मीट्रिक टन चीनी एथेनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल की जाएगी। घरेलू खपत 2.85 करोड़ मीट्रिक टन, निर्यात 8 लाख मीट्रिक टन और सीजन के अंत में बचा हुआ स्टॉक 37 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है। वैश्विक आपूर्ति की स्थिति में सुधार की उम्मीद से दूसरी तिमाही में अंतरराष्ट्रीय चीनी कीमतों में भी तेजी आई। मुरुगप्पन ने बताया कि जुलाई में सफेद चीनी की कीमत लगभग 467 डॉलर प्रति टन थी, जो सितंबर में बढ़कर 518 डॉलर प्रति टन हो गई। इसी तरह कच्ची चीनी की कीमत 0.148 डॉलर प्रति पाउंड से बढ़कर 0.179 डॉलर प्रति पाउंड तक पहुंच गई।

ईआईडी पैरी का परिचालन प्रदर्शन बेहतर

कंपनी के सीएफओ वेंकटेश्वरलू ने बताया कि, ईआईडी पैरी ने चालू तिमाही के दौरान 4.03 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) गन्ने की पेराई की, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 3.66 लाख मीट्रिक टन था। इस बार पेराई कार्य 66 दिनों तक चला, जबकि पिछले वर्ष यह अवधि 48 दिन थी। हालांकि, चीनी रिकवरी दर में गिरावट दर्ज की गई। यह पिछले वर्ष के 7.97 प्रतिशत से घटकर 7.86 प्रतिशत रह गई। कंपनी का चीनी उत्पादन 27,000 टन से बढ़कर लगभग 32,000 टन हो गया। वहीं, चीनी की बिक्री 73,000 टन से बढ़कर 84,000 टन पहुंच गई। कंपनी को चीनी की बिक्री से प्रति क्विंटल 4,115.51 रुपये मिले, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह कीमत 4,060.67 रुपये प्रति क्विंटल थी। बेहतर बिक्री और कीमतों के कारण चीनी से होने वाला राजस्व 368 करोड़ रुपये से बढ़कर 486 करोड़ रुपये हो गया।

कर्नाटक में पेराई सीजन 8-10 दिन देरी से शुरू

ईआईडी पैरी के शुगर एवं बायोफ्यूल कारोबार के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) अशिक जे. ए. एच. ने बताया कि, कर्नाटक में इस बार गन्ने की पेराई का सीजन लगभग 8-10 दिन देरी से शुरू हुआ है। साथ ही, सीजन पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 10-15 दिन छोटा रहने की आशंका है। उन्होंने कहा कि, देरी की मुख्य वजह गन्ने की उपलब्धता और जल स्तर है, न कि बुवाई से जुड़ी समस्याएं। अल नीनो से प्रभावित वर्ष का भी कर्नाटक पर असर पड़ा है।अशिक के अनुसार, पानी की कम उपलब्धता के कारण नई गन्ना बुवाई प्रभावित हो सकती है और इसमें लगभग 8-10 प्रतिशत की गिरावट आने की आशंका है। इसका असर अगले सीजन की फसल पर भी पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उद्योग के आधिकारिक अनुमान आने से पहले देश के कुल चीनी उत्पादन को लेकर कोई निश्चित आकलन करना जल्दबाजी होगी।

कर्नाटक में गन्ने की कीमतों को लेकर स्थिति अनिश्चित

गन्ने की कीमतों पर बात करते हुए अशिक ने कहा कि, कर्नाटक में किसानों के आंदोलन और सरकार, चीनी उद्योग तथा किसानों के बीच जारी बातचीत के कारण स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पहले जिस मूल्य निर्धारण फॉर्मूले पर चर्चा हुई थी, जरूरी नहीं कि उसे उसी रूप में लागू किया जाए, क्योंकि बाद में किसानों की ओर से नई मांगें और परिस्थितियां सामने आई हैं। कंपनी के आकलन के अनुसार, उत्तर कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गन्ने की कीमत लगभग 3,800 रुपये प्रति टन चल रही है। मुरुगप्पन ने बताया कि उत्तर कर्नाटक में उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) आमतौर पर 3,300 से 3,400 रुपये प्रति टन के बीच रहता है। हालांकि, किसानों के आंदोलनों के बाद चीनी मिलों पर इससे काफी अधिक कीमत देने का दबाव है।

मुरुगप्पन ने कहा कि, किसानों की मांगों को पूरा करने और सभी संबंधित पक्षों के हितों को ध्यान में रखने के लिए एक व्यवस्थित और कानूनी रूप से बाध्यकारी मूल्य निर्धारण व्यवस्था की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्नाटक और महाराष्ट्र में किसानों की मांगों की समीक्षा के लिए गठित विशेषज्ञ समिति एक निष्पक्ष और सभी क्षेत्रों में समान रूप से लागू की जा सकने वाली मूल्य निर्धारण प्रणाली विकसित करने में मदद करेगी।

चीनी कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच कंपनी की नई रणनीति

चीनी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव को देखते हुए ईआईडी पैरी ने संस्थागत ग्राहकों के साथ बिक्री अनुबंधों की अवधि कम करने की रणनीति अपनाई है।मुरुगप्पन ने बताया कि कंपनी ने पिछले छह महीनों के दौरान अपने दीर्घकालिक संस्थागत अनुबंधों का लगभग 96-97 प्रतिशत हिस्सा पूरा कर लिया है। अब कंपनी नए दीर्घकालिक समझौते करने में सावधानी बरतेगी।आगे चलकर प्रमुख ग्राहकों के साथ भी अनुबंधों की अवधि लगभग 15 से 24 दिनों तक सीमित रखे जाने की संभावना है। इससे कंपनी बाजार में चल रही मौजूदा कीमतों के अनुरूप अपनी बिक्री कर सकेगी और चीनी बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के जोखिम को बेहतर तरीके से संभाल पाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here