सुवा : कृषि भूमि की लीज (पट्टे) की अवधि समाप्त होने को लेकर बढ़ती अनिश्चितता अब फिजी के चीनी उद्योग के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन गई है। गन्ना किसानों का कहना है कि यदि भूमि लीज का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो गन्ना उत्पादन और हजारों किसानों की आजीविका दोनों पर गंभीर असर पड़ेगा। यह मुद्दा फिजी संसद की चीनी उद्योग विशेष समिति की सिआकाका में आयोजित परामर्श बैठक के दौरान प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने सरकार और भूमि स्वामियों से अपील की कि अनुभवी गन्ना किसानों को खेती जारी रखने के लिए दीर्घकालिक लीज व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय गन्ना किसान तेविता वाकावाकाटोगा ने कहा कि, जिन किसानों की लीज अवधि समाप्त होने वाली है, वे अपने भविष्य और परिवार की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता में हैं। उन्होंने कहा कि अनेक किसान जन्म से लेकर जीवन के अंतिम समय तक खेती से जुड़े रहते हैं और उनके पास गन्ना उत्पादन का बहुमूल्य अनुभव है, जिसे बचाना उद्योग के हित में है।उन्होंने विशेष रूप से इंडो-फिजियन गन्ना किसानों का उल्लेख करते हुए कहा कि, उन्होंने दशकों तक इस उद्योग को संभाला है और यदि उन्हें भूमि पर बने रहने का अवसर मिले तो वे गन्ना खेती को आगे भी सफलतापूर्वक जारी रख सकते हैं।
वाकावाकाटोगा ने कहा कि, भूमि विवाद संवेदनशील विषय है, लेकिन इसका समाधान केवल भूमि स्वामियों और किसानों के बीच सार्थक संवाद से ही संभव है। उन्होंने कहा कि जमीन का स्वामित्व हमेशा भूमि मालिकों के पास रहेगा, जबकि किसान उसके उत्पादक उपयोग के माध्यम से अर्थव्यवस्था और उद्योग में योगदान देते रहेंगे।
किसानों की चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए आईटाउकेई लैंड ट्रस्ट बोर्ड (TLTB) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोलोमोने नाटा ने कहा कि, नई कृषि लीज के लिए आवेदन करने वाले किसानों के पास 30 वर्ष और 50 वर्ष की अवधि वाले लीज विकल्प उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि, दोनों अवधियों के लिए अलग-अलग किराया दरें लागू होती हैं और प्रत्येक मामले पर अलग से चर्चा की जा सकती है। गन्ना किसानों का कहना है कि, लीज संबंधी अनिश्चितता के कारण वे अपने खेतों में निवेश करने और भविष्य की योजना बनाने से हिचक रहे हैं, जिससे चीनी उद्योग के दीर्घकालिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।


















