हैदराबाद : चीनी की बढ़ती कीमतों ने छोटे खाद्य कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। त्योहारों का मौसम नजदीक आने के साथ बेकरी संचालक और कैटरर्स लागत कम करने के तरीके तलाश रहे हैं। ‘डेक्कन क्रॉनिकल’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, चीनी की औसत खुदरा कीमत 20 जुलाई को 48.18 रुपये प्रति किलो थी, जो इस सप्ताह बढ़कर 55.70 रुपये प्रति किलो हो गई है। चीनी की एक्स-मिल कीमत भी बढ़कर 67 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी, हालांकि सरकार के कदमों के बाद अब यह घटकर करीब 55 रुपये प्रति किलो हो गई है।
होम बेकर रेचल रेड्डी ने बताया कि, उन्होंने मक्खन और तेल की बढ़ी कीमतों का बोझ खुद वहन किया और अपने उत्पादों के दाम नहीं बढ़ाए। लेकिन चीनी की कीमतों में वृद्धि के बाद उन्हें कीमतों पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा, मक्खन और तेल की कीमतें बढ़ने के बावजूद मैंने दाम नहीं बढ़ाए। लेकिन अब चीनी की कीमत भी बढ़ गई है, इसलिए मुझे धीरे-धीरे कीमतें बढ़ानी पड़ेंगी। एक अन्य बेकरी संचालक अंजलि शाह ने बताया कि वह कुछ उत्पादों में चीनी की जगह गुड़ और अन्य मिठास देने वाले पदार्थों का इस्तेमाल कर रही हैं।
फूड एंड एग्री बिजनेस स्कूल के सहायक प्रोफेसर डॉ. वी. राम नरेश कुमार ने कहा कि चीनी की कीमतों में वृद्धि का संबंध कम उत्पादन, मौसमी मांग, सीमित स्टॉक और बाजार में अटकलों से है। उन्होंने अत्यधिक बारिश, जलभराव, कीटों के हमले और रेड रॉट (लाल सड़न रोग) को भी चीनी उत्पादन प्रभावित करने वाले कारकों में शामिल बताया।

















