कच्ची चीनी के आयात पर IGST भुगतान प्रक्रिया आसान, CBIC ने जारी किए नए दिशा-निर्देश

नई दिल्ली : केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने उन आयातकों के लिए IGST भुगतान की प्रक्रिया स्पष्ट कर दी है, जिन्होंने एडवांस ऑथराइजेशन (AA) योजना के तहत कच्ची चीनी का आयात किया था और बाद में उसे टैरिफ रेट कोटा (TRQ) योजना में परिवर्तित किया गया। यह व्यवस्था विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) द्वारा पात्र कच्ची चीनी के आयात को AA योजना से TRQ योजना में एक बार के लिए परिवर्तित करने की अनुमति दिए जाने के बाद सामने आई है। DGFT ने कच्ची चीनी के आयात के लिए 10 लाख मीट्रिक टन का TRQ भी आवंटित किया है।

AA और TRQ योजना क्या है?

ChiniMandi WhatsApp Channel

एडवांस ऑथराइजेशन योजना के तहत पात्र आयातकों को निर्धारित शर्तों के अधीन कुछ कच्चे माल को लागू आयात शुल्क का भुगतान किए बिना आयात करने की अनुमति होती है। वहीं, टैरिफ रेट कोटा (TRQ) व्यवस्था के तहत किसी उत्पाद की एक निश्चित मात्रा को अपेक्षाकृत कम शुल्क दर पर आयात करने की अनुमति दी जाती है।

आयातकों को कैसे करना होगा IGST का भुगतान?

CBIC ने बताया कि, AA योजना के तहत पहले ही आयात की जा चुकी कच्ची चीनी पर IGST का भुगतान करने वाले आयातक संबंधित आयात बंदरगाह पर कस्टम्स असेसमेंट ग्रुप से संपर्क कर सकते हैं और आवश्यक विवरण उपलब्ध करा सकते हैं। असेसमेंट ग्रुप पहले Out of Charge (OOC) को रद्द करेगा, टिप्पणियों में इसका कारण दर्ज करेगा और फिर बिल ऑफ एंट्री का दोबारा आकलन कर लागू IGST लगाया जाएगा। इसके बाद आयातक को कस्टम्स EDI सिस्टम में जनरेट होने वाले इलेक्ट्रॉनिक चालान के माध्यम से IGST का भुगतान करना होगा। भुगतान पूरा होने के बाद आयात बंदरगाह बिल ऑफ एंट्री के लिए एक नॉमिनल OOC जारी करेगा। इससे IGST की राशि और भुगतान की तारीख सहित संबंधित जानकारी GSTN पोर्टल पर भेजी जा सकेगी।

IGST पर ब्याज से राहत

CBIC ने स्पष्ट किया है कि, IGST भुगतान के कारण उत्पन्न होने वाली ब्याज देनदारी, यदि कोई हो, माफ की जाएगी।हालांकि, यह प्रक्रिया प्रत्येक बिल ऑफ एंट्री के लिए केवल एक बार इस्तेमाल की जा सकेगी। आयातक द्वारा भुगतान किए गए IGST पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का दावा किया जा सकेगा। यह सुविधा CGST अधिनियम, 2017 की धारा 16, 17 और 18 तथा इनके तहत बनाए गए नियमों में निर्धारित पात्रता और शर्तों के अधीन होगी।

स्वैच्छिक भुगतान चालान से IGST जमा न करें

CBIC ने आयातकों को यह भी स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे स्वैच्छिक भुगतान चालान (Voluntary Payment Challan) मॉड्यूल के माध्यम से IGST का भुगतान न करें। बोर्ड के अनुसार, इस प्रणाली में कस्टम्स और GSTN के बीच भुगतान से संबंधित आवश्यक जानकारी के हस्तांतरण की पर्याप्त सुविधा नहीं है। इससे बाद में इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा करने में परेशानी हो सकती है।CBIC ने सभी मुख्य आयुक्तों से कस्टम्स अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन देने और स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान में मदद करने को कहा है। कस्टम्स कार्यालयों को इस प्रक्रिया को स्पष्ट करने के लिए उचित सार्वजनिक नोटिस और स्थायी आदेश जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

10 लाख टन TRQ के जरिए कच्ची चीनी आयात को बढ़ावा

सरकार ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जब वह 10 लाख मीट्रिक टन TRQ के माध्यम से कच्ची चीनी के आयात को सुगम बनाना चाहती है। साथ ही, सरकार यह भी सुनिश्चित करना चाहती है कि आयातकों द्वारा भुगतान किया गया IGST सही तरीके से दर्ज हो और पात्र मामलों में उसका इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here