नई दिल्ली: भारत सरकार ने अमेरिका को कच्ची चीनी के निर्यात के लिए 2027 के अमेरिकी वित्त वर्ष के तहत 8,606 मीट्रिक टन रॉ वैल्यू (MTRV) का कोटा आवंटित किया है।यह आवंटन टैरिफ रेट कोटा (TRQ) योजना के तहत किया गया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने सोमवार को इस संबंध में सार्वजनिक अधिसूचना जारी की।अधिसूचना के अनुसार, यह निर्यात कोटा 1 अक्टूबर 2026 से 30 सितंबर 2027 तक की अवधि के लिए लागू रहेगा।इसका आवंटन विदेश व्यापार नीति 2023 के पैराग्राफ 2.04 के तहत किया गया है।
DGFT ने स्पष्ट किया कि, एचएस कोड 17010000 के तहत अमेरिका और यूरोपीय संघ को TRQ योजना के अंतर्गत चीनी का निर्यात निर्धारित शर्तों के अधीन ‘मुक्त’ श्रेणी में रखा गया है। इसके लिए वर्ष 2015 में जारी अधिसूचना में निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना होगा।अमेरिका को TRQ योजना के तहत चीनी निर्यात के लिए कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA), नई दिल्ली को कार्यान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है। APEDA इस निर्यात कोटे के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगा।
अधिसूचना के मुताबिक, अमेरिका को तरजीही शर्तों पर चीनी निर्यात के लिए जहां आवश्यक होगा, वहां उत्पत्ति प्रमाणपत्र (Certificate of Origin) मुंबई स्थित विदेश व्यापार महानिदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक जारी करेंगे। यह प्रमाणपत्र पात्र निर्यातकों और निर्यात की मात्रा के संबंध में APEDA की सिफारिश के आधार पर जारी किया जाएगा।
इसके अलावा, अमेरिका को चीनी निर्यात के लिए निर्धारित अन्य प्रमाणन संबंधी आवश्यकताएं भी पहले की तरह लागू रहेंगी।DGFT ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्यातकों को वर्ष 2015 की मौजूदा अधिसूचनाओं के तहत निर्धारित रिपोर्टिंग संबंधी नियमों का पालन करना होगा।यह सार्वजनिक अधिसूचना विदेश व्यापार महानिदेशक एवं भारत सरकार के पदेन अतिरिक्त सचिव लव अग्रवाल द्वारा जारी की गई है।

















