बिहार में गन्ने का उत्पादन घटने की आशंका, कम रकबा, मौसम और कीटों ने बढ़ाई चिंता

पटना: बिहार में इस बार गन्ने का उत्पादन पिछले पेराई सत्र की तुलना में कम रहने की आशंका है। राज्य में गन्ने की खेती का रकबा करीब 0.30 लाख हेक्टेयर घटने के साथ ही मौसम और कीटों की समस्या ने भी किसानों और चीनी उद्योग की चिंता बढ़ा दी है। जागरण में प्रकाशित खबर के अनुसार, इन परिस्थितियों का असर इस बार गन्ने के उत्पादन पर पड़ सकता है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की 21 अगस्त 2026 तक की प्रगतिशील फसल क्षेत्र बुवाई रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा खरीफ सीजन में देशभर में गन्ने की खेती का रकबा 0.43 लाख हेक्टेयर कम हुआ है।इनमें बिहार में सबसे अधिक 0.30 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है।

बारिश और कीटों ने बढ़ाई परेशानी

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ने के रकबे में कमी के अलावा मौसम की स्थिति भी उत्पादन के लिए चुनौती बनी हुई है। निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति के बीच अनुमान से कम बारिश होने की बात सामने आई है। इसके साथ ही थ्रिप्स नामक कीट का प्रकोप भी चिंता का कारण बना हुआ है। थ्रिप्स एक प्रकार का कीट है, जो गन्ने की पत्तियों को सुखा देता है और पौधों को कमजोर कर सकता है। इन सभी परिस्थितियों के कारण गन्ने में रस की मात्रा कम होने की आशंका जताई जा रही है। इसका सीधा असर चीनी की रिकवरी दर पर पड़ सकता है। ऐसे में इस बार गन्ने से चीनी की रिकवरी दर कम रहने की चिंता भी बढ़ गई है। किसी निश्चित मात्रा में गन्ने से प्राप्त होने वाली चीनी की मात्रा को रिकवरी दर कहा जाता है।

2026-27 के लिए सरकार ने तय किया बड़ा लक्ष्य

इन चुनौतियों के बावजूद गन्ना उद्योग विभाग ने 2026-27 में 2,55,081 हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं, गन्ना उत्पादन का लक्ष्य 1,74,03,582 टन रखा गया है।राज्य की चालू 10 चीनी मिलें कुल 809 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करेंगी। शेष गन्ने का इस्तेमाल गुड़ बनाने में किया जाएगा। इसके अलावा कुछ गन्ना उत्तर प्रदेश की चीनी मिलों को भी भेजे जाने की संभावना है। कम रकबे, मौसम की अनिश्चितता और थ्रिप्स के प्रकोप के बावजूद सरकार और गन्ना उद्योग उत्पादन लक्ष्य हासिल करने की तैयारी में जुटे हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here