ISMA और NFCSF ने चीनी की कमी से किया इनकार, 7-10 दिनों में खुदरा कीमतों में राहत की उम्मीद

नई दिल्ली: भारतीय चीनी उद्योग ने देश में चीनी की किसी भी तरह की कमी से इनकार करते हुए कहा है कि, अगले 7-10 दिनों में खुदरा चीनी कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट आने की संभावना है। प्रमुख चीनी उत्पादक क्षेत्रों में मिल-गेट (एक्स-मिल) कीमतें पहले ही 5,000 रुपये प्रति क्विंटल से नीचे आ चुकी हैं। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) और नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज (NFCSF) ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए देश में चीनी की उपलब्धता को लेकर चिंता दूर करने का प्रयास किया। दोनों संगठनों ने उपभोक्ताओं से घबराने और जरूरत से ज्यादा चीनी खरीदने से बचने की अपील की।

देश में पर्याप्त चीनी का स्टॉक

ChiniMandi WhatsApp Channel

NFCSF के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटील ने कहा कि, अगले पेराई सत्र की नई चीनी बाजार में आने तक घरेलू खपत की जरूरत पूरी करने के लिए देश में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा, नई चीनी बाजार में आने तक हमारे पास पर्याप्त आपूर्ति है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पाटील ने बताया कि, दोनों संगठन बाजार में गलत सूचनाओं और अनावश्यक दहशत को रोकने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

उद्योग के अनुसार, चीनी की कीमतों में हाल की ऊंचाई से पहले ही सुधार आ चुका है। प्रमुख उत्पादक राज्यों में मौजूदा एक्स-मिल कीमतें महाराष्ट्र की एस-ग्रेड चीनी के लिए 4,460-4,500 रुपये प्रति क्विंटल, गुजरात की एम-ग्रेड के लिए 4,740 रुपये और कर्नाटक में 4,960 रुपये प्रति क्विंटल बताई गई हैं। संगठनों के मुताबिक, देशभर में एक्स-मिल कीमतें अब 5,000 रुपये प्रति क्विंटल से नीचे हैं। हालांकि, पाटील ने कहा कि खुदरा कीमतों में अभी तक इस गिरावट का पूरा असर नहीं दिखा है और कुछ बाजारों में खुदरा कीमत करीब 63 रुपये प्रति किलोग्राम बनी हुई है।

खुदरा कीमतें 50-52 रुपये प्रति किलो तक आने की उम्मीद

उद्योग का अनुमान है कि, एक्स-मिल और खुदरा कीमतों के बीच सामान्य अंतर करीब 5-8 रुपये प्रति किलोग्राम होना चाहिए। इस आधार पर खुदरा चीनी की कीमत 50-52 रुपये प्रति किलोग्राम तक आनी चाहिए। ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, एक्स-मिल कीमतों में आई गिरावट का असर धीरे-धीरे पूरी आपूर्ति श्रृंखला में दिखाई देना चाहिए और इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि, अगले 7-10 दिनों में बाजार में कीमतों में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

रिफाइनरियों और आयात से बढ़ेगी आपूर्ति

सरकार ने भी देश में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। बल्लानी ने बताया कि, चीनी रिफाइनरियों को घरेलू बाजार में अपना स्टॉक बेचने की अनुमति दी गई है। इसके तहत करीब 3.5 लाख टन चीनी 5 अक्टूबर तक बाजार में आने की उम्मीद है। इसके अलावा, टैरिफ रेट कोटा (TRQ) के तहत करीब 8 लाख टन चीनी आयात के लिए आवेदन पहले ही प्राप्त हो चुके हैं। सरकार ने शेष 2 लाख टन के लिए भी आवेदन की प्रक्रिया खोल दी है और आवेदकों को आवेदन करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। बल्लानी ने कहा, देश में पहले से पर्याप्त चीनी उपलब्ध है और आयात तथा रिफाइनरियों के जरिए अतिरिक्त आपूर्ति भी आ रही है। इसलिए घबराने का बिल्कुल कोई कारण नहीं है।

अगस्त का चीनी कोटा 90% बिक चुका

दोनों संगठनों ने सरकार की मासिक चीनी रिलीज व्यवस्था का भी उल्लेख किया।इस व्यवस्था के तहत घरेलू मांग के अनुसार चीनी की मात्रा बाजार में जारी की जाती है। पाटील ने बताया कि, अगस्त के लिए आवंटित 22.5 लाख टन चीनी कोटे में से करीब 90 प्रतिशत पहले ही बिक चुका है। इससे संकेत मिलता है कि, हाल में चीनी की कीमतों में हुई तेजी किसी वास्तविक भौतिक कमी के कारण नहीं थी। उन्होंने कहा कि जुलाई में चीनी की औसत कीमत करीब 39 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो अगस्त में तेजी से बढ़ी। हालांकि, ऊंची कीमतों पर केवल 1-2 लाख टन चीनी की बिक्री हुई, जबकि अधिकांश चीनी इससे पहले कम कीमतों पर बिक चुकी थी।

एथेनॉल नीति का उद्योग ने किया बचाव

चीनी उद्योग ने गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने के कारण हाल में चीनी कीमतों में हुई वृद्धि के आरोपों का भी खंडन किया। बल्लानी ने कहा कि एथेनॉल उत्पादन से गन्ना किसानों को लाभ हुआ है और चीनी कीमतों में अस्थायी उतार-चढ़ाव के लिए एथेनॉल नीति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। पाटील ने बताया कि, अब ईंधन बाजार में आपूर्ति किए जाने वाले एथेनॉल का करीब 72 प्रतिशत हिस्सा अनाज से प्राप्त होता है, जबकि चीनी उद्योग की हिस्सेदारी अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने एथेनॉल कार्यक्रम से होने वाली विदेशी मुद्रा की बचत और किसानों को होने वाले भुगतान को भी रेखांकित किया।

आगामी पेराई सत्र जल्द शुरू करने के पक्ष में ISMA और NFCSF

इस बीच, ISMA और NFCSF ने चीनी की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आगामी गन्ना पेराई सत्र जल्द शुरू करने का समर्थन किया है।पाटील ने बताया कि दोनों संगठनों ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव चोपड़ा से मुलाकात कर चीनी मिलों को जल्द शुरू करने के मुद्दे पर चर्चा की है। उन्होंने कहा, “चीनी मिलों को जल्द शुरू करने के लिए सरकार जो भी रुख अपनाएगी, हम उसका समर्थन करेंगे।”महाराष्ट्र में दोनों संगठनों ने पेराई सत्र का फैसला लेने वाली मंत्रिस्तरीय समिति के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मुद्दे पर बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। उद्योग ने बैठक का एजेंडा पहले ही सरकार को सौंप दिया है और अब राज्य सरकार के फैसले का इंतजार है।

2027-28 में आपूर्ति को लेकर चिंता

हालांकि, तत्काल चीनी की कमी की संभावना को खारिज करते हुए पाटील ने 2027-28 के पेराई सत्र में संभावित आपूर्ति चुनौती को लेकर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अपर्याप्त बारिश तथा गन्ने की बुवाई को लेकर चिंताएं भविष्य में आपूर्ति को प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि अल नीनो का संभावित प्रभाव इस जोखिम को और बढ़ा सकता है।

उद्योग ने कहा कि किसानों, उपभोक्ताओं और चीनी मिलों के हितों की रक्षा के लिए संतुलित दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है। उद्योग ने दोहराया कि मौजूदा समय में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और अब ध्यान इस बात पर होना चाहिए कि एक्स-मिल कीमतों में आई हालिया गिरावट का लाभ आगामी त्योहारी सीजन के दौरान उपभोक्ताओं तक पहुंचे।इस अवसर पर NFCSF के प्रबंध निदेशक प्रकाश नाईकनवरे और ISMA के उपाध्यक्ष माधव श्रीराम भी उपस्थित थे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here