प्रतिकूल मौसम, ब्राजील में कम उत्पादन और भारत के शुल्क-मुक्त आयात से वैश्विक चीनी कीमतों में 11.9% उछाल: FAO

नई दिल्ली : यूरोप में प्रतिकूल मौसम के कारण उत्पादन में कमी, एशिया के प्रमुख उत्पादक देशों में उत्पादन पर अल नीनो के प्रभाव और भारत द्वारा कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की घोषणा समेत कई कारकों के चलते अगस्त में वैश्विक चीनी कीमतों में पिछले महीने की तुलना में 11.9 प्रतिशत की तेज वृद्धि दर्ज की गई। यह जानकारी संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) द्वारा जारी नवीनतम खाद्य मूल्य सूचकांक में सामने आई है।

संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एजेंसी ने कहा, अगस्त में FAO चीनी मूल्य सूचकांक में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। FAO ने इस तेज बढ़ोतरी की वजह बताते हुए कहा कि, यूरोपीय संघ में प्रतिकूल मौसम के कारण चीनी चुकंदर की पैदावार कम रहने की आशंका, एशिया के प्रमुख उत्पादक देशों में उत्पादन संभावनाओं पर अल नीनो के प्रभाव को लेकर चिंता, ब्राजील में चीनी उत्पादन में कमी और भारत द्वारा कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की घोषणा ने कीमतों को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

ChiniMandi WhatsApp Channel

अगस्त में FAO द्वारा निगरानी किए जाने वाले प्रमुख खाद्य जिंस समूहों में चीनी की कीमतों में सबसे बड़ी मासिक वृद्धि दर्ज की गई। FAO का व्यापक खाद्य मूल्य सूचकांक, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबार होने वाली खाद्य वस्तुओं की एक टोकरी की कीमतों में मासिक बदलाव को मापता है, अगस्त 2026 में औसतन 133.3 अंक रहा। यह जुलाई के संशोधित स्तर से 1.9 प्रतिशत अधिक और एक साल पहले की तुलना में 2.5 प्रतिशत अधिक है।

FAO ने कहा कि, ऊंचे तापमान, मौसम संबंधी जोखिम, भू-राजनीतिक तनाव और प्रमुख व्यापार मार्गों में व्यवधानों ने वैश्विक खाद्य आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। FAO के मुख्य अर्थशास्त्री मैक्सिमो टोरेरो ने कहा कि अगस्त में वैश्विक खाद्य कीमतों में हुई बढ़ोतरी इस बात की चेतावनी है कि खाद्य बाजारों में जोखिम प्रीमियम फिर से लौट रहा है। जलवायु संबंधी झटके, भू-राजनीतिक तनाव और व्यापार लॉजिस्टिक्स में व्यवधान मिलकर आपूर्ति की संभावनाओं को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में खाद्य कीमतों की स्थिरता के लिए लचीली आपूर्ति व्यवस्था, खुला व्यापार और उत्पादन इनपुट की सुरक्षित उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण हो गई है।

चीनी के अलावा, अगस्त में FAO अनाज मूल्य सूचकांक जुलाई की तुलना में 2.2 प्रतिशत बढ़ा। वहीं डेयरी मूल्य सूचकांक में 2.3 प्रतिशत, वनस्पति तेल मूल्य सूचकांक में 1.1 प्रतिशत और मांस मूल्य सूचकांक में 1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। माह के दौरान वैश्विक गेहूं कीमतों में 2.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई और ये एक साल पहले की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक रहीं। इसके पीछे काला सागर क्षेत्र में निर्यात लॉजिस्टिक्स में व्यवधान, गर्म और शुष्क मौसम के बाद यूरोप में उत्पादन संभावनाओं में कमजोरी और अमेरिकी डॉलर में कमजोरी प्रमुख कारण रहे।

खाद्य मूल्य संबंधी आंकड़ों के साथ जारी अपनी नवीनतम अनाज आपूर्ति एवं मांग संक्षिप्त रिपोर्ट में FAO ने 2026 में वैश्विक अनाज उत्पादन का अनुमान 2,980 मिलियन टन लगाया है। यह 2025 की तुलना में 2 प्रतिशत कम है, हालांकि इसके बावजूद 2026 की फसल को अब तक के रिकॉर्ड में दूसरी सबसे बड़ी फसल रहने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here