पुणे : देश में घरेलू चीनी कीमतों में हालिया गिरावट ने कच्ची चीनी के आयात को कम आकर्षक बना दिया है। इकोनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित खबर के अनुसार, इससे स्थानीय बाजार में आपूर्ति बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की 10 लाख टन चीनी आयात की योजना के सामने चुनौती खड़ी हो गई है। प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में एक्स-मिल चीनी की कीमतें हाल के सप्ताहों में करीब ₹65 प्रति किलोग्राम से गिरकर ₹48-52 प्रति किलोग्राम के दायरे में आ गई हैं। कीमतों में इस तेज गिरावट से कच्ची चीनी आयात करने वाले रिफाइनरों का मूल्य लाभ लगभग खत्म हो गया है।अब आयातित चीनी की लागत घरेलू बाजार में उपलब्ध चीनी से अधिक पड़ रही है।
अब तक 2.60 लाख टन आयात की प्रतिबद्धता
उद्योग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, बंदरगाह आधारित रिफाइनरियों ने अब तक करीब 2.60 लाख टन कच्ची चीनी आयात करने की प्रतिबद्धता जताई है। हालांकि, वास्तविक रूप से अभी तक कुछ हजार टन ही चीनी घरेलू बाजार में पहुंची है। अंतरराष्ट्रीय चीनी कीमतों में मजबूती और घरेलू कीमतों में कमजोरी के बीच रिफाइनर अब अतिरिक्त आयात को टाल सकते है। जब तक घरेलू कीमतें आयातित चीनी की लागत के करीब नहीं पहुंचतीं, तब तक आयात में तेजी आने की संभावना कम है। एक प्रमुख चीनी आयातक ने कहा कि, अंतरराष्ट्रीय कीमतों में मजबूती के साथ घरेलू कीमतों में गिरावट के कारण आयातित चीनी के सामने चुनौतियां बढ़ गई हैं।
सरकार ने आयातकों से आयात बढ़ाने को कहा
केंद्र सरकार ने सोमवार को चीनी आयातकों के साथ बैठक कर उन्हें आयात बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। यह कदम सरकार द्वारा पिछले सप्ताह एडवांस ऑथराइजेशन स्कीम के तहत चीनी आयात के लिए आवेदन की समयसीमा बढ़ाने और इसे एकमुश्त टैरिफ रेट कोटा (TRQ) व्यवस्था से जोड़ने के फैसले के बाद उठाया गया है। इस व्यवस्था के तहत बंदरगाह आधारित वे रिफाइनरियां, जो आमतौर पर कच्ची चीनी का आयात कर उसे रिफाइन करके तैयार चीनी का निर्यात करती हैं, निर्धारित कोटे के भीतर प्रसंस्कृत चीनी का एक हिस्सा घरेलू बाजार में बेच सकती हैं। हालांकि, घरेलू कीमतों में आई तेज गिरावट ने अधिक चीनी आयात करने के कारोबारी प्रोत्साहन को कमजोर कर दिया है।
पहले से आयातित चीनी धीरे-धीरे बाजार में आएगी
उद्योग अधिकारियों का कहना है कि, जो चीनी पहले ही बेची जा चुकी है और फिलहाल बंदरगाहों पर स्टॉक के रूप में पड़ी है, वह धीरे-धीरे घरेलू बाजार में पहुंचने की उम्मीद है। इस बीच, सोमवार को कुछ बाजारों में एक्स-मिल चीनी की कीमतों में करीब 2-3 प्रतिशत की रिकवरी देखने को मिली। इसकी वजह बाजार में चीनी की उपलब्धता में कुछ कमी बताई जा रही है।
सरकारी कार्रवाई से आपूर्ति श्रृंखला पर असर
उद्योग जगत के एक प्रमुख प्रतिनिधि ने कीमतों में इस हलचल के लिए आंशिक रूप से व्यापारियों और स्टॉकिस्टों के खिलाफ सरकारी कार्रवाई के बाद आपूर्ति श्रृंखला में आए व्यवधान को जिम्मेदार बताया। उद्योग प्रतिनिधि के अनुसार, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई और दुकानों पर छापेमारी की आशंका से बाजार में डर का माहौल बना है, जिसका असर चीनी की आपूर्ति और कीमतों पर पड़ा है।
कीमतें बढ़ीं तो आयात को मिल सकता है सहारा
चीनी मिलों के स्तर पर कीमतों में हालिया सुधार यदि आगे भी जारी रहता है, तो इससे आयातित चीनी की इंपोर्ट पैरिटी में सुधार हो सकता है। हालांकि, जब तक घरेलू चीनी कीमतें आयातित चीनी की लागत को पर्याप्त रूप से कवर करने के स्तर तक नहीं पहुंचतीं, तब तक रिफाइनर अतिरिक्त चीनी आयात को लेकर सतर्क बने रहने की संभावना है।


















chini ki kimat barene se hum Aam janta ko bari parishani hue hai.