पटना: बिहार सरकार ने राज्य में गन्ने की खेती का विस्तार करने, किसानों की आय बढ़ाने और चीनी उद्योग को पुनर्जीवित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पटना में किसानों के लिए एक सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को सरकारी योजनाओं और नई पहलों की जानकारी दी गई।इस कार्यक्रम का आयोजन किसानों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया था। सेमिनार का उद्घाटन गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने किया।
कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक तरीके से गन्ने की खेती, गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री, कृषि मशीनीकरण, गुड़ उत्पादन और गन्ना उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। मंत्री संजय कुमार ने कहा कि, सरकार किसानों की आय बढ़ाने और बिहार से होने वाले पलायन को कम करने के लिए किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक और कृषि उपकरणों की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि, विभाग की ओर से एक विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत उन किसानों को दोबारा गन्ने की खेती से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्होंने पिछले वर्षों में गन्ने की खेती कम कर दी थी या पूरी तरह बंद कर दी थी।मंत्री ने कहा कि सरकार वैज्ञानिकों और विशेषज्ञ संस्थानों के साथ मिलकर ऐसी तकनीक किसानों तक पहुंचाने की योजना बना रही है, जिससे कम भूमि में अधिक गन्ना उत्पादन हासिल किया जा सके।
किसानों की समस्याओं और विभागीय योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के लिए 30 सितंबर को एक विशेष पोर्टल लॉन्च किए जाने की योजना है। इस पोर्टल के माध्यम से किसान अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, आवेदनों की स्थिति देख सकेंगे और उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। संजय कुमार ने कहा कि सरकार राज्य में बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने और नई चीनी मिलें स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रही है।
राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में बंद चीनी मिलों को पुनर्जीवित करने और करीब 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में बेगूसराय में एक नई चीनी मिल स्थापित करने की योजना है। वारिसलीगंज क्षेत्र में चीनी मिल की स्थापना के लिए करीब 99.39 एकड़ जमीन गन्ना उद्योग विभाग को उपलब्ध कराई गई है। वहीं, अन्य जिलों में जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है। सरकार को उम्मीद है कि चीनी उद्योग के विस्तार से राज्य में गन्ने का रकबा बढ़ेगा, किसानों को अपनी उपज के लिए सुनिश्चित बाजार मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।


















