नई दिल्ली: प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में सामान्य से कम मानसूनी बारिश के कारण 2027 की गन्ना फसल को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। ऐसे में अगले साल भारत के पास चीनी निर्यात के लिए बहुत कम गुंजाइश रह सकती है। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने CNBC-TV18 से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र और कर्नाटक में बारिश की कमी दर्ज की गई है और कई क्षेत्रों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। हालांकि, अगले गन्ना पेराई सत्र में चीनी उत्पादन का सटीक अनुमान लगाने के लिए अभी समय है। ISMA की ओर से खेत स्तर पर फसल का आकलन किया जा रहा है और अक्टूबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह तक स्थिति अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।बल्लानी ने कहा कि फिलहाल यह अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी कि अगले सत्र में कुल चीनी उत्पादन कितना रहेगा।
निर्यात के बजाय आयात की संभावना
फसल को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच बल्लानी ने कहा कि, अगले साल भारत के पास निर्यात के लिए अतिरिक्त चीनी उपलब्ध होने की संभावना कम है। इसके बजाय घरेलू बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए चीनी का आयात करना पड़ सकता है। सरकार पहले ही 10 लाख टन कच्ची चीनी (Raw Sugar) के आयात की अनुमति दे चुकी है। इसमें से करीब 8 लाख टन के आयात को विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) की मंजूरी मिल चुकी है।
हालांकि, आयात की व्यावसायिक व्यवहार्यता अंतरराष्ट्रीय कीमतों पर निर्भर करेगी। बल्लानी के मुताबिक, फिलहाल घरेलू चीनी कीमतें अंतरराष्ट्रीय कीमतों से कम हैं, इसलिए इस समय आयात आर्थिक रूप से आकर्षक नहीं है। ब्राजील से चीनी लेकर आने वाले कुछ जहाज भारत पहुंच चुके है। उद्योग अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों के अधिक अनुकूल होने का इंतजार कर रहा है। बल्लानी ने कहा कि, घरेलू जरूरतों के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 लाख टन के आयात पर मुख्य रूप से ध्यान देना होगा, जबकि मौजूदा परिस्थितियों में निर्यात की संभावना काफी सीमित दिखाई दे रही है।
एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के डायवर्जन पर क्या कहा?
एथेनॉल उत्पादन को लेकर बल्लानी ने कहा कि, गन्ने को एथेनॉल की ओर मोड़ने की स्थिति में मुख्य रूप से C-Heavy मोलासेस का इस्तेमाल किए जाने की उम्मीद है। इसके बजाय सीधे गन्ने के रस या B-Heavy मोलासेस से एथेनॉल उत्पादन पर कम निर्भरता रहने की संभावना है। इस रणनीति से एथेनॉल उत्पादन जारी रखते हुए चीनी उत्पादन पर पड़ने वाले प्रभाव को सीमित किया जा सकता है।खासकर ऐसे समय में जब अगले गन्ना उत्पादन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
त्योहारी सीजन के लिए चीनी आपूर्ति पर्याप्त रहने की उम्मीद
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए ISMA को उम्मीद है कि, सरकार अक्टूबर के लिए करीब 23 से 25 लाख टन (LMT) चीनी का रिलीज कोटा तय कर सकती है। बल्लानी के अनुसार, थोक उपभोक्ता आमतौर पर त्योहारी सीजन से पहले चीनी का पर्याप्त स्टॉक तैयार कर लेते हैं। वहीं, सरकार ने भी बाजार में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और कीमतों पर दबाव नियंत्रित रखने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि, घरेलू चीनी कीमतें अब सामान्य स्तर के करीब पहुंच गई हैं और उम्मीद है कि देश में त्योहारी सीजन के दौरान कीमतों में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा। सरकार ने पहले ही स्टॉक रखने की सीमा सहित कई उपाय लागू किए हैं। बल्लानी के अनुसार, मौजूदा चीनी भंडार त्योहारी सीजन की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त माना जा रहा है।

















