नई दिल्ली : विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने 10 लाख मीट्रिक टन (LMT) कच्ची चीनी के आयात के लिए जारी टैरिफ रेट कोटा (TRQ) के तहत अप्रयुक्त मात्रा को सरेंडर करने की समयसीमा बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 कर दी है। महानिदेशालय की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना में यह जानकारी दी गई है। संशोधित समयसीमा के तहत TRQ धारक अपनी आवंटित मात्रा में से जितनी मात्रा का उपयोग नहीं हुआ है, उसे सरेंडर कर सकते हैं। इसके लिए सरेंडर की गई मात्रा के CIF (लागत, बीमा और मालभाड़ा) मूल्य का 0.5 प्रतिशत शुल्क देना होगा। DGFT ने कहा कि, यह शुल्क मौजूदा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार लागू होगा।
विदेश व्यापार नीति के तहत लिया गया निर्णय
DGFT ने बताया कि, यह समयसीमा बढ़ाने का निर्णय विदेश व्यापार नीति (FTP) 2023 के पैराग्राफ 1.03 और 2.04 के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए लिया गया है। यह सूचना 20 अगस्त 2026 को जारी सार्वजनिक सूचना संख्या 27/2026-2027 तथा 14 सितंबर 2026 की सार्वजनिक सूचना संख्या 30/2026-2027 के संदर्भ में जारी की गई है। इसके माध्यम से इन सूचनाओं के तहत निर्धारित अप्रयुक्त TRQ मात्रा को सरेंडर करने की समयसीमा बढ़ाई गई है।
अन्य नियम और शर्तें यथावत
DGFT ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सूचना संख्या 27/2026-2027 में निर्धारित अन्य सभी नियम और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी। TRQ यानी टैरिफ रेट कोटा के तहत निर्धारित मात्रा तक किसी वस्तु का आयात अपेक्षाकृत निर्धारित शुल्क व्यवस्था के तहत किया जाता है। इस मामले में कच्ची चीनी के आयात के लिए आवंटित लेकिन उपयोग में नहीं लाई गई मात्रा को निर्धारित शुल्क का भुगतान कर सरेंडर करने की सुविधा दी गई है।

















