बेलगावी: कर्नाटक के बेलगावी में गन्ने का उचित मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। इस बीच, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गुरुवार को किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।उन्होंने कहा कि, यह मुद्दा केवल कर्नाटक तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के गन्ना उत्पादकों से जुड़ा है। समस्या का समाधान निकालने के लिए केंद्र सरकार और महाराष्ट्र के नेताओं के साथ बातचीत जारी है।गन्ना किसानों की हुब्बल्ली की ओर पदयात्रा दूसरे दिन भी जारी रही। प्रदर्शनकारी किसानों ने गन्ने का न्यूनतम मूल्य 5,500 रुपये प्रति टन और चीनी का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 60 रुपये प्रति किलो निर्धारित करने की मांग दोहराई।
किसानों और जिला प्रशासन के बीच बातचीत
बेलगावी के जिलाधिकारी मोहम्मद रोशन ने कर्नाटक राज्य रैयत संघ के प्रदेश अध्यक्ष चुनप्पा पुजेरी और शशिकांत गुरुजी के नेतृत्व में किसान प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। इस दौरान पुलिस आयुक्त प्रकाश निकम भी उपस्थित रहे। किसान नेताओं ने जिला प्रशासन से मांगों पर जल्द कार्रवाई करने और चीनी मिलों में गन्ने की पेराई बिना किसी और देरी के शुरू कराने की अपील की।चुनप्पा पुजेरी ने मांग की कि चीनी मिल मालिकों को बैठक के लिए बुलाया जाए और उनसे स्पष्ट कराया जाए कि वे चालू वर्ष में किसानों को गन्ने का कितना मूल्य देने वाले हैं।
किसानों और चीनी मिलों के हितों की रक्षा जरूरी: मुख्यमंत्री
उडुपी जिले के उचिला स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर के पास पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि, राज्य सरकार चाहती है कि गन्ना किसानों और चीनी मिलों, दोनों का कामकाज आर्थिक रूप से टिकाऊ बना रहे। उन्होंने कहा, “राज्य के गन्ना उत्पादकों को धैर्य बनाए रखना चाहिए। यह केवल कर्नाटक का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे देश के गन्ना किसानों से जुड़ा मामला है। गन्ने की कीमतों को लेकर हम महाराष्ट्र के नेताओं के साथ भी चर्चा कर रहे हैं।”मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के मंत्रियों के साथ बातचीत की गई है और उन्होंने इस संबंध में एक बैठक भी बुलाई है।
पिछले साल घोषित सहायता जारी रखने का आश्वासन
डीके शिवकुमार ने कहा कि, राज्य सरकार पिछले वर्ष गन्ना किसानों के लिए घोषित सहायता जारी रखेगी। सरकार किसानों की मांगों पर समाधान निकालने के लिए प्रयासरत है। फिलहाल, बेलगावी से हुब्बल्ली की ओर किसानों की पदयात्रा जारी है। किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने का उचित मूल्य तय करना, चीनी का MSP बढ़ाना और चीनी मिलों में पेराई कार्य समय पर शुरू करना शामिल है। अब आंदोलन के समाधान को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों की आगामी बैठकों पर किसानों की नजरें टिकी हैं।

















