वाशिंगटन : अमेरिका में इस वर्ष शुष्क मौसम के कारण चुकंदर की कई बीमारियों का प्रकोप सीमित रहा। हालांकि, रेड रिवर वैली के कुछ हिस्सों में सर्कोस्पोरा लीफ स्पॉट बीमारी सक्रिय रही, विशेष रूप से उन क्षेत्रों में जहां अधिक आर्द्रता और ऊंचे तापमान की स्थिति बनी रही। मौसम की परिस्थितियों ने बीमारी के प्रसार को प्रभावित किया। नॉर्थ डकोटा स्टेट यूनिवर्सिटी (NDSU) और यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा में एक्सटेंशन शुगरबीट पैथोलॉजिस्ट एरिक ब्रांच ने बताया कि, गर्म और नम मौसम सर्कोस्पोरा लीफ स्पॉट के विकास के लिए अनुकूल रहा। प्रभावित खेतों में कोहरा और सुबह की ओस ने भी बीमारी का दबाव बढ़ाने में योगदान दिया।
यह बीमारी फार्गो से दक्षिण की ओर फैले क्षेत्रों में अधिक स्पष्ट रूप से देखी गई। इनमें वे चुकंदर उत्पादक क्षेत्र भी शामिल हैं, जिन्हें मिन-डैक फार्मर्स कोऑपरेटिव और सदर्न मिनेसोटा बीट शुगर कोऑपरेटिव सेवाएं प्रदान करते हैं। कई क्षेत्रों में शुष्क परिस्थितियों के कारण बीमारी का प्रकोप सीमित रहा। हालांकि, गर्मियों के दौरान जिन इलाकों में पर्याप्त बारिश नहीं हुई, वहां सूखे का चुकंदर की पैदावार पर अधिक गंभीर असर पड़ा।

















