नई दिल्ली: भारत में स्वतंत्र रूप से एथेनॉल उत्पादन करने वाली कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन भारत इंडिपेंडेंट एथेनॉल प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (BIEPA) ने एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 (ESY 2026-27) के लिए जारी टेंडर की आवंटन प्रक्रिया की समीक्षा करने की मांग की है। संगठन ने दीर्घकालिक खरीद समझौते (Long-Term Offtake Agreement–LTOA) वाले उत्पादकों को दोहरा प्राथमिकता लाभ दिए जाने पर चिंता जताते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और तेल विपणन कंपनियों (OMCs) से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। यह जानकारी संगठन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।
इस टेंडर के तहत लगभग 1,100 करोड़ लीटर एथेनॉल की खरीद की जानी है।BIEPA का कहना है कि, LTOA धारकों को पहले उनके अनुबंधित मात्रा के लिए प्राथमिकता दी जाती है। इसके अतिरिक्त, उनकी स्वीकृत रुचि अभिव्यक्ति (Expression of Interest–EOI) में बताई गई डिजाइन क्षमता तक सर्वोत्तम प्रयास के आधार पर अतिरिक्त प्राथमिकता भी दी जाती है।संगठन के अनुसार, इस व्यवस्था के कारण अन्य पात्र उत्पादकों को केवल बची हुई मात्रा ही मिल सकती है, भले ही वे कम कीमत पर एथेनॉल की आपूर्ति करने के लिए तैयार हों।
टेंडर में मक्का आधारित एथेनॉल की कीमत 68.86 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है। इसमें 66.07 रुपये मूल कीमत और 2.79 रुपये का प्रोत्साहन शामिल है। वहीं, खराब हो चुके खाद्यान्न (Damaged Food Grains–DFG) से बने एथेनॉल की कीमत 64 रुपये प्रति लीटर और भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अतिरिक्त चावल से बने एथेनॉल की कीमत 60.32 रुपये प्रति लीटर है।
BIEPA ने LTOA के खंड 6.2 के तहत खरीद में दी जाने वाली पहली प्राथमिकता पर सवाल उठाए हैं। इस प्रावधान के अनुसार, कीमत की परवाह किए बिना LTOA धारकों को अन्य पात्र आपूर्तिकर्ताओं से पहले आवंटन में प्राथमिकता मिलती है।संगठन का तर्क है कि, ऐसे समझौतों के तहत सर्वोत्तम प्रयास के आधार पर खरीद की प्रतिबद्धता हो सकती है, लेकिन समान गुणवत्ता और पात्रता वाले अन्य उत्पादकों से कम कीमत पर एथेनॉल उपलब्ध होने पर महंगे एथेनॉल की खरीद को प्राथमिकता देने का औचित्य नहीं बनता।
BIEPA के अनुसार, इस प्रकार का आवंटन तेल विपणन कंपनियों पर अनावश्यक अतिरिक्त खर्च का बोझ डाल सकता है। इसका असर सरकारी खजाने और अंततः आम जनता पर भी पड़ सकता है। BIEPA के अध्यक्ष पुष्पिंदर सिंह मामिक ने कहा, दीर्घकालिक समझौतों का उद्देश्य सर्वोत्तम प्रयास के आधार पर आपूर्ति की मात्रा सुनिश्चित करना था। यदि निर्धारित मानकों को पूरा करने वाला इथेनॉल कम कीमत पर उपलब्ध है, तो खरीद प्रक्रिया में उसे उचित महत्व दिया जाना चाहिए।
अतिरिक्त प्राथमिकता पर भी उठाए सवाल
LTOA के खंड 6.2 के तहत समझौते में तय मात्रा के लिए धारकों को प्राथमिकता मिलती है। लेकिन BIEPA ने परिशिष्ट-III के खंड B(2)(II)(i)(a) के तहत दी जाने वाली अतिरिक्त प्राथमिकता पर सवाल उठाया है। इस प्रावधान के अनुसार, स्वीकृत EOI की डिजाइन क्षमता तक सर्वोत्तम प्रयास के आधार पर अतिरिक्त प्राथमिकता दी जाती है।
संगठन ने द्विपक्षीय LTOA समझौतों के खंड 6.8 को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में लागू किए जाने पर भी स्पष्टीकरण मांगा है। BIEPA का कहना है कि यह प्रावधान सार्वजनिक रूप से उपलब्ध EOI और टेंडर दस्तावेजों में शामिल नहीं था।पुष्पिंदर सिंह मामिक ने कहा, खंड 6.2 पहले से ही अनुबंधित मात्रा की सुरक्षा करता है। जब अन्य पात्र उत्पादक भी गुणवत्ता, नियामकीय नियमों और आपूर्ति संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करते हैं, तो इन प्रतिबद्धताओं से आगे अतिरिक्त प्राथमिकता क्यों दी जानी चाहिए, इस पर स्पष्टता जरूरी है।
स्वतंत्र एथेनॉल प्लांट्स में निवेश पर संकट
केंद्र सरकार के एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश में कई स्वतंत्र एथेनॉल उत्पादन संयंत्र स्थापित किए गए थे। इन परियोजनाओं को खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की ब्याज सहायता योजनाओं और बैंकों से मिले बड़े वित्तपोषण का समर्थन प्राप्त हुआ था। इन संयंत्रों को पर्यावरणीय मंजूरी इस शर्त पर दी गई थी कि वे पेट्रोल में मिश्रण के लिए ही एथेनॉल का उत्पादन करेंगे। इस कारण उनके लिए उत्पादन को दूसरे बाजारों में भेजने की संभावनाएं सीमित हो गईं।
BIEPA ने चेतावनी दी है कि, मौजूदा आवंटन व्यवस्था के कारण इन संयंत्रों की उत्पादन क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो पाएगा। इससे बैंक ऋण चुकाने में कठिनाई हो सकती है। साथ ही, इन संयंत्रों को अनाज उपलब्ध कराने वाले किसानों और इनके माध्यम से पैदा होने वाले ग्रामीण रोजगार पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
मामिक ने कहा, स्वतंत्र इथेनॉल उत्पादकों ने सरकार की नीतियों के अनुरूप उत्पादन क्षमता स्थापित करने में निवेश किया है। यदि इन इकाइयों को केवल बची हुई मात्रा की आपूर्ति का अवसर मिलता है, तो उनका निवेश और इसके लिए लिया गया बैंक ऋण जोखिम में पड़ सकता है। हम ऐसी निष्पक्ष व्यवस्था चाहते हैं, जिसमें हर पात्र उत्पादक को आपूर्ति का उचित अवसर मिले और सार्वजनिक खरीद में जनता के धन का सही उपयोग हो।”
ESY 2026-27 का आवंटन अंतिम होने से पहले समीक्षा की मांग
BIEPA ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और तेल विपणन कंपनियों से आग्रह किया है कि, एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 के लिए आवंटन को अंतिम रूप देने से पहले मौजूदा प्रक्रिया की समीक्षा की जाए।
संगठन की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
अनुबंध संबंधी प्रतिबद्धताओं के साथ एथेनॉल की कीमत को भी उचित महत्व दिया जाए।
अतिरिक्त प्राथमिकता को वापस लिया जाए या उसके संविदात्मक आधार को स्पष्ट किया जाए।
LTOA और गैर-LTOA वाले सभी पात्र आपूर्तिकर्ताओं के बीच पारदर्शी और समान आवंटन सुनिश्चित किया जाए।
प्राथमिकता आधारित आवंटन के वित्तीय प्रभावों की जानकारी सार्वजनिक की जाए।
टेंडर को अंतिम रूप देने से पहले आवश्यक संशोधन किए जाएं।
BIEPA ने केंद्र सरकार के एथेनॉल मिश्रण संबंधी लक्ष्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। संगठन का कहना है कि, इस कार्यक्रम के तहत किए गए निवेश की सुरक्षा के लिए देश में एथेनॉल उद्योग का आर्थिक रूप से टिकाऊ और प्रतिस्पर्धी होना आवश्यक है।

















