बेलगावी : सरकारी विभागों में निरीक्षकों और क्षेत्रीय कर्मचारियों की कमी के कारण विभिन्न प्रतिष्ठानों की नियमित जांच में देरी हो रही है। इस समस्या को दूर करने और जांच प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कर्नाटक सरकार ने मान्यता प्राप्त निजी संस्थाओं की मदद लेने का निर्णय लिया है। खाद्य सुरक्षा, दवा बिक्री केंद्रों, वजन-माप उपकरणों के सत्यापन और बॉयलर की जांच जैसे क्षेत्रों में निजी संस्थाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
प्रजा सेवा विभाग के मुख्य सचिव हर्ष गुप्ता ने 19 अक्टूबर को संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजा है। कर्नाटक प्रशासनिक सुधार आयोग-2 की सिफारिशों के आधार पर निजी संस्थाओं की पात्रता, मान्यता प्रक्रिया, शुल्क संरचना और कार्य संबंधी शर्तें निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, इन संस्थाओं के कामकाज पर निगरानी रखने के लिए एक स्वतंत्र व्यवस्था स्थापित करने को भी कहा गया है। जांच के दौरान खामियां पाए जाने पर संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान भी किया जाएगा।
आदेश में सभी संबंधित विभागों को समयसीमा के साथ कार्ययोजना तैयार कर प्रजा सेवा विभाग को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इस निर्णय की समीक्षा मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाली केडीपी बैठक में भी की जाएगी। इस फैसले के तहत कानूनी माप विज्ञान विभाग द्वारा वजनकांटों और अन्य माप उपकरणों का वार्षिक सत्यापन, खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य कारोबारों की जांच तथा औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा दवा दुकानों का निरीक्षण करने में निजी संस्थाओं की सहायता ली जाएगी। इसके साथ ही कारखानों, बॉयलर, औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत बॉयलर की जांच और प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में भी निजी संस्थाओं की मदद ली जाएगी।
वैधानिक अधिकार सरकारी अधिकारियों के पास ही रहेंगे
जिन क्षेत्रों में हर साल या निर्धारित समयावधि के बाद जांच अनिवार्य है, वहां निजी संस्थाओं को निरीक्षण, सत्यापन और नियमों के अनुपालन की जांच की जिम्मेदारी सौंपी जा सकेगी। जिन क्षेत्रों में नियमित जांच का स्पष्ट प्रावधान नहीं है, वहां भी निश्चित अंतराल पर सत्यापन कराने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।
हालांकि, जांच से जुड़े वैधानिक अधिकार पूरी तरह निजी संस्थाओं को नहीं सौंपे जाएंगे। नमूने एकत्र करने, जब्ती की कार्रवाई करने और अदालत में मुकदमे दायर करने जैसे अधिकार सरकारी अधिकारियों के पास ही रहेंगे। निजी संस्थाओं से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर सरकारी विभाग नियमों का उल्लंघन करने वाले और अधिक जोखिम वाले प्रतिष्ठानों पर विशेष ध्यान दे सकेंगे। माना जा रहा है कि कर्मचारियों की कमी के कारण लंबित जांच प्रक्रिया को इस फैसले से गति मिलेगी।


















