लाहौर: पाकिस्तान के चीनी उद्योग को लगभग 98 अरब पाकिस्तानी रुपये का नुकसान हुआ है। देश में 13 लाख टन चीनी का अतिरिक्त भंडार और पिछले एक साल में चीनी की कीमतों में 25% तक की गिरावट के बीच पाकिस्तान शुगर मिल्स एसोसिएशन (PSMA) के नॉर्थ ज़ोन ने सरकार से अतिरिक्त 8 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति मांगी है। बिजनेस रिकॉर्डर की रिपोर्ट के अनुसार, उद्योग की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह मांग की गई है।
पाकिस्तान ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (PBS) के साप्ताहिक आंकड़ों का हवाला देते हुए एसोसिएशन ने कहा कि, पिछले एक साल में घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। इसके कारण चीनी मिलों को उत्पादन लागत वसूलने और अपनी वित्तीय देनदारियां पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। PSMA-नॉर्थ ज़ोन के प्रवक्ता ने कहा कि, 2025-26 का गन्ना पेराई सीजन समाप्त होने के बाद उद्योग ने सरकार से अतिरिक्त चीनी के समय पर निर्यात की अनुमति देने की बार-बार मांग की थी। हालांकि, नीतिगत फैसलों में देरी के कारण बड़ी मात्रा में चीनी का स्टॉक नहीं बिक पाया। इससे मिलों पर वित्तीय लागत और भंडारण का खर्च लगातार बढ़ रहा है।
एसोसिएशन के अनुसार, बढ़ते घाटे के कारण पाकिस्तान की कम से कम 12 चीनी मिलें पहले ही बंद हो चुकी हैं, जबकि कई अन्य मिलों पर भी बंद होने का खतरा मंडरा रहा है। इस आर्थिक संकट का असर 2026-27 के गन्ना पेराई सीजन की समय पर शुरुआत और गन्ना किसानों को उचित मूल्य देने की मिलों की क्षमता पर भी पड़ सकता है। PSMA के मुताबिक, पाकिस्तान नए पेराई सीजन में लगभग 13 लाख टन चीनी के अतिरिक्त स्टॉक के साथ प्रवेश कर रहा है। आगामी सीजन में भी उत्पादन अच्छा रहने की उम्मीद है और कुल चीनी उत्पादन लगभग 85 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि, पुराने स्टॉक का निपटारा किए बिना नए सीजन का उत्पादन बाजार में आने से चीनी की अधिक आपूर्ति की समस्या और गंभीर हो सकती है। इससे घरेलू बाजार में कीमतों पर और दबाव पड़ने की आशंका है। इसके अलावा, बिना बिकी चीनी के स्टॉक को बनाए रखने के लिए बैंकों से लिए गए कर्ज पर मिलों को भारी ब्याज भी चुकाना पड़ रहा है। PSMA ने यह भी दावा किया कि, चीनी पर अपेक्षाकृत अधिक बिक्री कर होने के बावजूद पाकिस्तान में चीनी की कीमतें दुनिया के सबसे निचले स्तरों में शामिल हैं।
स्थिति में सुधार लाने के लिए एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से पहले से मंजूर 2 लाख टन के निर्यात के अतिरिक्त 8 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति देने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि, उद्योग की वित्तीय स्थिति को स्थिर करने के लिए कम से कम 10 लाख टन अतिरिक्त चीनी का निर्यात आवश्यक है। चीनी उद्योग ने पूरे क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त करने की भी मांग की है, ताकि बाजार की मांग और आपूर्ति के आधार पर कीमतें तय हों और व्यावसायिक फैसले लिए जा सकें।
PSMA ने चेतावनी दी कि, यदि चीनी के अतिरिक्त स्टॉक की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो इसका व्यापक असर गन्ना किसानों, चीनी मिलों और देश की कृषि अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। एसोसिएशन ने यह आशंका भी जताई कि भविष्य में घरेलू मांग पूरी करने के लिए पाकिस्तान को चीनी आयात करनी पड़ सकती है। ऐसी स्थिति में अतिरिक्त चीनी के निर्यात से विदेशी मुद्रा अर्जित करने के बजाय देश को आयात पर विदेशी मुद्रा खर्च करनी पड़ेगी।

















