सोनीपत: मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आगामी गन्ना पेराई सीजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए राय स्थित एथनिक इंडिया टूरिज्म सेंटर में शुगरफेड के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में हरियाणा की सभी चीनी मिलों के अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी पेराई सीजन को सुचारू रूप से शुरू करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन करना था।
बैठक के दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पेराई सीजन के सुचारू संचालन के लिए सभी चीनी मिलों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि, किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों के लिए पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, पेराई सीजन शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि किसानों को गन्ना आपूर्ति करने और मिलों के संचालन के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।


















