कर्नाटक के गन्ना किसानों की सरकार को चेतावनी! 20 नवंबर तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूरे राज्य में होगा बड़ा आंदोलन

बेंगलुरु : गन्ने के उचित दाम और आर्थिक प्रोत्साहन की मांग को लेकर कर्नाटक के हजारों किसानों ने शुक्रवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्नाटक गन्ना उत्पादक समन्वय समिति के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारी किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों का ज्ञापन राज्य के गन्ना मंत्री रुद्रप्पा लमानी को सौंपा। मंत्री ने फ्रीडम पार्क पहुंचकर किसानों से मुलाकात की। किसान संगठनों ने आरोप लगाया कि, राज्य और केंद्र सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं। समिति ने सरकार को चेतावनी दी है कि, यदि 20 नवंबर तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो पूरे कर्नाटक में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बेलगावी में गिरफ्तार किसानों की रिहाई की मांग

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों ने पिछले दो महीनों से बेलगावी में गन्ने के उचित मूल्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे गन्ना उत्पादकों की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की। किसानों ने इसे आंदोलन को दबाने की कोशिश बताया। इसके साथ ही बेलगावी जिले में निर्धारित गन्ने के दाम को भी किसानों ने अवैज्ञानिक बताते हुए खारिज कर दिया।

एफआरपी से अधिक राज्य सरकार घोषित करे एसएपी

किसान समन्वय समिति ने मांग की है कि, केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) के अलावा राज्य सरकार गन्ने के लिए अलग से राज्य परामर्श मूल्य (SAP) घोषित करे। किसानों का कहना है कि गन्ने से बनने वाले सह-उत्पादों से चीनी मिलों को होने वाले मुनाफे को भी गन्ने के मूल्य निर्धारण में शामिल किया जाना चाहिए। इस संबंध में किसानों ने तमिलनाडु सरकार द्वारा दिए जा रहे 709 रुपये प्रति टन प्रोत्साहन और पंजाब सरकार द्वारा घोषित 4,480 रुपये प्रति टन एसएपी का उदाहरण दिया।

एफआरपी 4,500 रुपये प्रति टन करने की मांग

किसानों ने केंद्र सरकार से गन्ने की 10.25 प्रतिशत रिकवरी के आधार पर एफआरपी बढ़ाकर 4,500 रुपये प्रति टन करने की मांग की है। समिति के अनुसार, पिछले वर्ष राज्य सरकार ने गन्ना उत्पादन की लागत 4,440 रुपये प्रति टन बताई थी। इसी आधार पर किसानों का कहना है कि मौजूदा एफआरपी किसानों के लिए पर्याप्त नहीं है। किसानों ने यह भी मांग की है कि, गन्ने की एफआरपी खेत के स्तर पर निर्धारित की जाए, ताकि कटाई और परिवहन का खर्च किसानों पर न पड़े। इसके अलावा गन्ने की रिकवरी का मानक 10.25 प्रतिशत से घटाकर 9.5 प्रतिशत करने की मांग भी उठाई गई है।

वजन और रिकवरी में गड़बड़ी रोकने की मांग

किसान समिति ने गन्ने के वजन और चीनी रिकवरी में होने वाली कथित अनियमितताओं को रोकने के लिए कड़े कानून बनाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि गन्ना तौल और रिकवरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि 20 नवंबर तक सरकार ने उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया, तो कर्नाटक के सभी जिलों में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here